दिनदहाड़े बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान से उड़ाये लाखों जेवर

ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने दिया वारदात को अंजाम, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके पुरानी बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से लाखों के जेवरात की चोरी हो गयी. पुरानी बाजार स्थित नरेश बाबू सराफ की ज्वेलरी दुकान में दो अज्ञात चोर ग्राहक बनकर घुसे और लाखों रुपये के कीमती आभूषण लेकर फरार हो गये. भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार दो युवक जेवर खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचे थे. उन्होंने दुकानदार से विभिन्न प्रकार के आभूषण दिखाने को कहा. जब दुकानदार गहने दिखाने में व्यस्त था, उसी दौरान दोनों युवकों ने बातचीत में उलझाकर उनका ध्यान भटका दिया. मौका मिलते ही चोरों ने कीमती आभूषणों पर हाथ साफ किया और दुकान से निकल गये. कुछ देर बाद जब दुकानदार को आभूषण कम होने का एहसास हुआ तब चोरी की घटना का खुलासा हुआ. सूचना मिलते ही एसडीपीओ नीरज कुमार तथा थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दुकान का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जायेगी. घटना की जानकारी मिलते ही नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी आशीष सोनी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >