खंडहर मकान से मिला मानव कंकाल

हत्या कर शव दफनाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

हत्या कर शव दफनाने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस प्रतिनिधि, भंडरिया (गढ़वा). भंडरिया थाना क्षेत्र के नौका गांव स्थित गरहोटा टॉड में वर्षों से खंडहर पड़े एक मकान से मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी है. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. जानकारी के अनुसार, आसपास के ग्रामीणों को पिछले कुछ दिनों से उक्त अर्धनिर्मित मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी. संदेह होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान के अंदर सघन तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान वहां से एक मानव कंकाल बरामद किया गया. घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों का अनुमान है कि किसी अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को मकान के अंदर बने गड्ढे में दफना दिया गया होगा. कयास यह भी लगाये जा रहे हैं कि बाद में किसी जंगली जानवर ने शव को खोदकर बाहर निकाल दिया होगा. घटनास्थल से मिले कपड़ों के अवशेषों के आधार पर कंकाल किसी महिला का होने की आशंका जतायी जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वर्षों से खाली पड़े इस मकान में कंकाल मिलने के बाद नौका गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र से कोई महिला लापता तो नहीं हुई है. मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस तकनीकी सेल और स्थानीय स्तर पर सूचना संग्रह का सहारा ले रही है. हर पहलू से की जा रही जांच: थाना प्रभारी थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण और मृतक की पहचान स्पष्ट हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akarsh aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >