धुरकी (गढ़वा): जिले के सगमा प्रखंड मुख्यालय में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को लेकर जीपीएफटी (ग्राम पंचायत फैसिलिटेशन टीम) प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया. इसमें ग्राम पंचायतों के समग्र विकास को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया.
प्रतिभागियों को दी गई विस्तृत जानकारियां
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सहभागी योजना निर्माण, ग्राम सभा की भूमिका, स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान, संसाधनों के समुचित उपयोग और विभिन्न विभागों की योजनाओं के अभिसरण (कनवर्जेंस) की विस्तृत जानकारी दी गयी. मौके पर बीडीओ सतीश भगत ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य योजना निर्माण करना, क्रियान्वयन को प्रभावी और सहभागी बनाना है. वहीं बीपीएम सत्येंद्र प्रजापति ने कहा कि विकास योजना केवल सूची तक सीमित न रहकर वास्तविक जरूरतों और संसाधनों के आकलन पर आधारित होनी चाहिए.
अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जाएगा
मास्टर ट्रेनर दीपक कुमार ने बताया कि ग्राम सभा के माध्यम से प्राथमिकता तय कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा सकता है. कार्यक्रम में मुखिया इंद्रजीत सिंह कुशवाहा, कलावती देवी, सरोज देवी, तेजलाल राम, अनिता देवी सहित सभी वार्ड सदस्य और प्रखंड कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में अनु प्रिया और श्रुति जोशी ने जीता ब्रॉन्ज, बढ़ाया देश का मान
