जितेंद्र सिंह की रिपोर्ट
गढ़वा. गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र में हल्की बारिश के बाद ही कई वार्डों और मोहल्लों में जलजमाव की समस्या गंभीर हो जाती है. वार्ड संख्या 11 अंतर्गत सहिजना के टावर मोहल्ले की स्थिति भी ऐसी ही है.बारिश होते ही यहां की सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं. सड़क पर पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल
लोगों को पानी से होकर अपने घरों तक पहुंचना पड़ता है.स्थानीय लोगों के अनुसार, टावर मोहल्ले में लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है. इसके बावजूद समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है. मोहल्ले के निवासी सेवानिवृत्त सैनिक जितेंद्र सिंह ने जलजमाव की समस्या को लेकर नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि वार्ड 11 के टावर मोहल्ले की स्थिति किसी से छिपी नहीं है. सड़क पर लगातार पानी जमा रहने से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने कहा कि सड़क है, लेकिन तालाब पार कर घर जाना पड़ता है.
जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद अध्यक्ष और संबंधित वार्ड पार्षद की ओर से समस्या के समाधान के लिए प्रभावी पहल नहीं की जा रही है. उन्होंने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि मोहल्ले में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव की समस्या से लोगों को निजात मिल सके.
नगर प्रबंधन को अवगत कराया गयाः वार्ड पार्षद
वार्ड की पार्षद सत्यवती देवी ने कहा कि इस मामले को लेकर उन्होंने बोर्ड की बैठक में बात रखी है उन्हें आश्वासन दिया गया है कि शीघ्र ही समस्या का निदान होगा.
ये भी पढ़ें: 125 वर्ष पुराना हैं गढ़वा के रक्सी का स्वप्न शिव मंदिर, जहां कभी नहीं भरता शिवलिंग का अर्घा
