गढ़वा में छापेमारी से खुली पोल, एक्सपायरी कोल्डड्रिंक से लेकर बिना लाइसेंस तक खुलासा

Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले में प्रशासन की छापेमारी के दौरान होटलों और कैंटीनों में गड़बड़ियां सामने आई है. एक्सपायरी सामान मिलने के साथ यह भी खुलासा हुआ है कि रेस्टोरेंट और कैंटीन बिना लाइसेंस के संचालित किए जा रहे हैं. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट

Garhwa News: अगर आप गढ़वा के होटलों या रेस्टोरेंट में खाने-पीने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा सकती है. जिले में नकली मिठाइयों के बाद अब एक्सपायरी डेट के सामान परोसने का खेल भी प्रशासनिक जांच में सामने आया है. प्रशासन की औचक छापेमारी में शहर के नामी प्रतिष्ठानों की पोल खुल गई है.

जांच में मिली एक्सपायर्ड कोल्डड्रिंक 

जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री ने शहर के अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान चिनियां रोड स्थित श्री बालाजी फैमिली रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया. जांच में पाया गया कि यहां ग्राहकों को पिलाने के लिए फ्रीजर में एक्सपायरी डेट की कोल्डड्रिंक रखी गई थी. अधिकारियों ने इसे तत्काल नष्ट करवाते हुए सख्त चेतावनी दी है. 

यह भी पढ़ें: गढ़वा के मिलावटखोरों पर एसडीएम साहेब का सर्जिकल स्ट्राइक, 3 क्विंटल मिठाइयां मिट्टी में दफन

पुलिस कैंटीन बिना लाइसेंस संचालित 

हैरानी की बात यह है कि नियम कानून का पाठ पढ़ाने वाले गढ़वा समाहरणालय स्थित पुलिस कैंटीन में भी नियमों की धज्जियां उड़ती मिलीं. यह कैंटीन बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस के धड़ल्ले से चल रही थी. वहीं, समाहरणालय के बगल में स्थित शिवाय रिजॉर्ट एंड बैंक्वेट हॉल में भी जांच की गई, जहां से पनीर के नमूने सील कर लैब भेजे गए हैं. 

कई प्रतिष्ठान बिना लाइसेंस संचालित 

जांच में यह बात सामने आई है कि शहर के कई बड़े रेस्टोरेंट और कैंटीन बिना ‘खाद्य लाइसेंस’ के ही संचालित हो रहे हैं. प्रशासन ने ऐसे सभी संचालकों को 7 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए नोटिस थमाया है. जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी हाल में लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं. बिना लाइसेंस और एक्सपायर्ड सामान रखने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.

यह भी पढ़ें: रांची स्मार्ट सिटी को लेकर CM हेमंत ने दिए निर्देश, विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता

यह भी पढ़ें: गुमला में बवाल: विवादित जमीन मापी के दौरान अंचल कर्मी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, नहीं हो पाया सीमांकन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर में लाइफस्टाइल बीट के लिए कंटेंट लिखती हैं. वह पिछले एक साल से व्यंजन (Recipes), फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे विषयों पर लेख लिख रही हैं. उनका उद्देश्य पाठकों को रोजमर्रा की जिंदगी को आसान और स्टाइलिश बनाने के लिए प्रैक्टिकल टिप्स देना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >