प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
गढ़वा : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को गढ़वा पुलिस की ओर से पुलिस केंद्र परिसर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर द्वारा शहीद स्थल पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई. उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता में उनके अमूल्य बलिदान को याद किया.
देशभक्ति के नारों से गूंज उठा परिसर
इसके पश्चात पुलिस केंद्र स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. परेड में सीआरपीएफ 172 बटालियन, डीएपी-01 पुरुष प्लाटून, डीएपी-01 महिला प्लाटून, सहायक पुलिस, ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल, भारत स्काउट एवं गाइड, बीएसकेडी स्कूल, आरके पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं तथा बैंड पार्टी की टुकड़ियों ने भव्य मार्च पास्ट किया. परेड निरीक्षण के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा. समारोह में उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, सीआरपीएफ 172 बटालियन के कमांडेंट अजय कुमार सहित कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे. ये भी पढ़ें: गढ़वा में आधुनिक सुविधाओं से लैस 24.87 करोड़ का नया अस्पताल भवन तैयार
सुरक्षा चुनौतियों का डटकर मुकाबला कर रही पुलिस
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने गढ़वा पुलिस के समक्ष आई सुरक्षा संबंधी चुनौतियों और उपलब्धियों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने तमाम चुनौतियों का मजबूती से सामना करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं. उन्होंने पुलिस जवानों के समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की.
ये भी पढ़ें: गढ़वा के भवनाथपुर में सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में शान से लहराया तिरंगा
सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन
समारोह के दौरान संगीत कला महाविद्यालय की छात्राओं ने राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान की मनमोहक प्रस्तुति दी. वहीं ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों ने बैंड की शानदार प्रस्तुति से लोगों की तालियां बटोरीं. कार्यक्रम के अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों और प्रतिभागियों को उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, एसपी आशुतोष शेखर तथा सीआरपीएफ कमांडेंट अजय कुमार द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया.
