श्री बंशीधर नगर (गढ़वा): बस स्टैंड स्थित सब्जी बाजार में जय भामाशाह क्लब की बैठक हुई, जिसमें दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर रूपरेखा तय की गई. बैठक की अध्यक्षता क्लब के संरक्षक कामेश्वर प्रसाद ने की. सदस्यों ने इस वर्ष पूजा को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक बनाने का निर्णय लिया.
बैठक के दौरान क्लब का पुनर्गठन भी किया गया. सर्वसम्मति से रजनीकांत मधुर उर्फ भोलू को लगातार आठवीं बार अध्यक्ष चुना गया. ऋतुराज जायसवाल को सचिव, नित्यानंद कुमार और अजीत केसरी को उपाध्यक्ष तथा अविनाश कुमार छोटू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई. इस दौरान पिछले वर्ष के आय-व्यय का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया.
ये भी पढ़ें- पूर्व मंत्री विमला प्रधान के निधन पर मिथिलेश ठाकुर ने जताया शोक
पुरी के जगन्नाथ मंदिर की थीम पर बनेगा पूजा पंडाल
अध्यक्ष रजनीकांत मधुर ने बताया कि इस वर्ष ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर की थीम पर पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा. आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से पंडाल को भव्य रूप दिया जाएगा. नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और संध्या आरती होगी. श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा. उन्होंने कहा कि लगातार आठवीं बार अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. क्लब इस बार दुर्गा पूजा को यादगार बनाने के लिए हर स्तर पर बेहतर तैयारी करेगा.
सप्तमी से नवमी तक डांडिया, नवमी को महाभंडारा
पूजा के दौरान सप्तमी से नवमी तक तीन दिवसीय डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. प्रतिदिन रात आठ बजे से डांडिया होगा. अष्टमी की शाम सात बजे महाआरती आयोजित की जाएगी. नवमी को कन्या पूजन के बाद विशाल महाभंडारा होगा. इसके बाद मां दुर्गा की प्रतिमा को कंधे पर लेकर श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया जाएगा और विदाई समारोह आयोजित होगा.
ये भी पढें- 11वीं-13वीं JPSC नियुक्ति रद्द करने पर सरकार की दलील, ‘दोषी और निर्दोष को अलग करना मुश्किल’
बैठक में क्लब के सदस्य रहे मौजूद
बैठक में संरक्षक भरत भूषण प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, बिरेन्द्र अग्रहरि, ओमप्रकाश गुप्ता, संजीत कुमार उर्फ छोटू, आनंद जायसवाल, रुपेश कुमार पप्पू, विकास कुमार शालू, अमित कुमार गुड्डू, बिकु कुमार, रंजू कुमार, आशीष कुमार और विनीत कुमार शरद सहित कार्यकारिणी सदस्य दिनेश जायसवाल, कौशल कुमार, नवनीत लाल अग्रवाल, अभिषेक कुमार, अनिल कुमार मेहता, पंकज कुमार, सूरज कुमार, उज्ज्वल कुमार, अमित कुमार और धीरज कुमार समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे.
