गढ़वा. त्योहारों से पहले जिले में खाद्य पदार्थों की जांच तेज हुई तो गड़बड़ी के कई मामले सामने आये. 25 अगस्त से 12 सितंबर तक जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण बाजारों तक हुई कार्रवाई में करीब 410 किलो खराब, संदिग्ध या गैर-अनुमोदित रंग वाली मिठाइयां नष्ट करायी गयीं. इस दौरान 1.15 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया, जबकि श्री बंशीधर नगर के दो मिठाई कारखानों को सील किया गया.
जांच के दौरान कहीं मिठाई में अत्यधिक या गैर-अनुमोदित रंग के इस्तेमाल की बात सामने आयी, तो कहीं फ्रीजर में खराब मिठाई और बासी खाद्य सामग्री मिली. कुछ मामलों में खाद्य पदार्थ तैयार करने में औद्योगिक उपयोग वाले पदार्थ के इस्तेमाल की बात भी जांच में सामने आयी. हालांकि जिन खाद्य पदार्थों के नमूने लिये गये हैं, उनकी प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष निकलेगा.
25 अगस्त : जलेबी में ज्यादा रंग, फ्रीजर में मिली खराब मिठाई
गढ़वा शहर में 25 अगस्त को न्यू प्लाजा होटल, आकाशगंगा होटल, ग्वालाल स्वीट्स, प्रकाश स्वीट्स, बसंती मिठाई और मां जगदंबा की जांच की गयी. न्यू प्लाजा की जलेबी में अत्यधिक रंग पाया गया. ग्वालाल स्वीट्स के फ्रीजर में पांच किलो और मां जगदंबा में तीन किलो खराब मिठाई मिली, जिसे नष्ट कराया गया. आकाशगंगा होटल में स्वच्छता की कमी और जलजमाव मिलने पर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया.
27 अगस्त : 230 किलो मिठाई नष्ट, दो कारखाने सील
श्री बंशीधर नगर में शिवम स्वीट्स कारखाने की जांच के दौरान 120 किलो संदिग्ध रसगुल्ला और 10 किलो परवल मिठाई में अत्यधिक हरे रंग का इस्तेमाल पाया गया. दोनों को नष्ट कराया गया. जांच में चाशनी साफ करने के लिए औद्योगिक उपयोग वाले हाइड्रो उत्पाद के इस्तेमाल की बात भी सामने आयी. कारखाने पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाकर उसे सील कर दिया गया.
न्यू शिवम स्वीट्स कारखाने में 100 किलो संदिग्ध रसगुल्ला नष्ट कराया गया. यहां भी स्वच्छता की कमी और जलजमाव मिला. कारखाने पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाकर उसे सील किया गया.
दो और तीन सितंबर : पैकबंद खाद्य उत्पाद भी जांच के दायरे में
दो सितंबर को चिनियां और तीन सितंबर को मेराल में जांच के दौरान नियमों के अनुरूप नहीं पाये गये खाद्य उत्पाद दुकानों से हटाये गये. इनमें स्टिंग, रेड बुल और लोट्टे चोको पाई जैसे उत्पाद शामिल थे. मेराल में पनीर का नमूना भी जांच के लिए लिया गया.
आठ सितंबर : जलेबी और बूंदी के लड्डू में गैर-अनुमोदित रंग
रमकंडा में आठ सितंबर को 12 किलो जलेबी और 10 किलो बूंदी के लड्डू में गैर-अनुमोदित खाद्य रंग का इस्तेमाल पाया गया. दोनों को मौके पर नष्ट कराया गया. रंका और रमकंडा क्षेत्र में कुल 115 खाद्य उत्पादों की जांच की गयी.
नौ सितंबर : भंडरिया में 50 किलो संदिग्ध मिठाई नष्ट
नौ सितंबर को जिलेभर में वितरकों, थोक विक्रेताओं और खुदरा दुकानों की जांच की गयी. भंडरिया में करीब 50 किलो संदिग्ध या मिलावटी मिठाई नष्ट करायी गयी. वहीं, गढ़वा बस स्टैंड क्षेत्र की दुकानों से एक्सपायरी खाद्य सामग्री और नियमों के विपरीत पाये गये कई उत्पाद हटाये गये.
12 सितंबर : 100 किलो खराब रसगुल्ला मिला
विशुनपुरा में न्यू शुभम स्वीट्स के फ्रीजर में बासी समोसा मिला. दुकान के पास खाद्य अनुज्ञप्ति भी नहीं थी. अमित स्वीट्स में 100 किलो खराब रसगुल्ला नष्ट कराया गया. यहां चाशनी साफ करने में औद्योगिक उपयोग वाले 'राजेंद्र ब्रांड हाइड्रो' के इस्तेमाल की बात जांच में सामने आयी. दुकान पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया.
एसीएमओ बोले- जांच अभियान जारी रहेगा
एसीएमओ डॉ आरएस सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. दुकानों, मिठाई कारखानों, थोक विक्रेताओं और वितरकों की नियमित जांच की जायेगी. गड़बड़ी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने ग्राहकों से भी खाद्य पदार्थों की खरीदारी में सतर्क रहने की अपील की.
