गढ़वा से प्रभाष मिश्रा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के मझिआंव थाना क्षेत्र के टरहे गांव में ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर शुक्रवार की देर रात 21 वर्षीय विवाहिता प्रियंका देवी (पति विशेश्वर यादव) ने जहर खा लिया. अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मृतका के पिता ने पति, सास-ससुर और दादी पर मारपीट करने तथा जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद से मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घरेलू विवाद के बाद जहर खाने की बात
घटना के संबंध में मृतका के पति विशेश्वर यादव ने बताया कि वह अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित नदी में गया हुआ था. इसी दौरान घर पर उसकी मां और प्रियंका देवी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर आपसी विवाद हो गया. इससे आक्रोशित होकर प्रियंका ने जहर खा लिया. जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने उसे तुरंत मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया. गढ़वा सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने भी प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति चिंताजनक देख उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया. परिजन उसे रिम्स ले जा रहे थे, तभी रास्ते में प्रियंका ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को वापस गढ़वा सदर अस्पताल ले आए.
पिता ने लगाया हत्या का आरोप
दूसरी ओर, बरडीहा थाना क्षेत्र के सुख नदी गांव निवासी मृतका के पिता वीरेंद्र यादव ने ससुराल वालों पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 28 मई 2025 को टरहे गांव निवासी बाल गोविंद यादव के बेटे विशेश्वर यादव के साथ की थी. शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल के लोग प्रियंका को बराबर मारपीट कर प्रताड़ित करते थे. छोटी-छोटी बातों पर उसका पति उसे इस कदर पीटता था कि वह बेहोश हो जाती थी. पिता ने कहा कि विवाद को लेकर कई बार उन्होंने दामाद के घर जाकर समझाने-बुझाने का प्रयास भी किया था, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ. पति की प्रताड़ना इस हद तक बढ़ गई थी कि घर पर रिश्तेदार आने पर या प्रियंका के किसी अन्य रिश्तेदारी में जाने पर भी वह सबके सामने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज किया करता था. पिता वीरेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि शुक्रवार की रात सास, ससुर, पति और दादी ने मिलकर प्रियंका को बुरी तरह प्रताड़ित किया, मारपीट की और जबरन जहर खिला दिया. जहर खाने के बाद प्रियंका ने खुद मोबाइल फोन से घटना की जानकारी अपनी मां और मुझे (पिता) दी थी. जब वे अपनी बेटी के पास टरहे गांव आ रहे थे, तो ससुराल वालों ने फोन कर कहा कि वह अब ठीक-ठाक है और उन्हें आने से रोक दिया. शनिवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस ने गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस मामले की छानबीन और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में 22,200 राशन दुकानदारों का 13 महीने का कमीशन बकाया, DSO को सरकार ने दिया अल्टीमेटम
यह भी पढ़ें: गढ़वा: ‘PhonePe’ से घूस लेने वाले राजस्व कर्मचारी पर गिरी गाज, वीडियो वायरल होने के बाद हुए सस्पेंड
