गढ़वा: नदी में कचरा फेंकने वालों की अब खैर नहीं, CCTV से होगी पहचान और कार्रवाई

Garhwa News: गढ़वा की सरस्वतिया नदी को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. एसडीएम संजय कुमार ने चेतावनी दी है कि नदी में कचरा फेंकने वालों की पहचान सीसीटीवी कैमरों से कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

गढ़वा से अविनाश की रिपोर्ट

Garhwa News: गढ़वा शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली सरस्वतिया नदी को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अब बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. जनसहभागिता और प्रशासनिक तालमेल से संचालित ‘आपन सरस्वतिया’ अभियान के 22वें दिन सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार ने कचरा फेंकने वालों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. नदी के गहरीकरण, चौड़ीकरण और सफाई के बावजूद कुछ लोगों द्वारा इसमें दोबारा कचरा फेंकने की शिकायतें प्रशासन को लगातार मिल रही हैं. 

नदी में गंदगी फैलाने वालों पर प्रशासन सख्त 

एसडीएम ने कहा कि यह बात सामने आई है कि नदी की सफाई होने के बाद भी कुछ लोग, विशेषकर गन्ने का रस बेचने वाले ठेला संचालक और अन्य व्यवसायी, सीधे नदी में ही कचरा और गंदगी बहा रहे हैं. ऐसे लोगों को सीसीटीवी कैमरों की मदद से चिन्हित किया जा रहा है. इनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. इसके लिए आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं. 

अवैध कब्जे नहीं होंगे बर्दाश्त

सरस्वतिया नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए प्रशासन केवल गंदगी फैलाने वालों पर ही नहीं, बल्कि जमीन दबाने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी में है. एसडीएम संजय कुमार ने साफ संकेत दिए हैं कि नदी के तटीय क्षेत्रों में जिन लोगों ने भी अवैध कब्जा या अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. इसके लिए बहुत जल्द बड़े पैमाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान जमीन पर उतारा जाएगा.

गाद हटाने का काम जारी

मॉनसून के आगमन से पहले नदी के अधिकतम हिस्सों को अवरोधमुक्त करने के लक्ष्य के साथ युद्ध स्तर पर गाद हटाने (डी-सिल्टिंग) का काम जारी रहा. इस काम में शहर के नागरिकों और व्यवसायियों ने दिल खोलकर सहयोग किया. सोमवार को इन पांच सहयोगियों ने अपनी ओर से जेसीबी मशीनें उपलब्ध कराईं कंचन जायसवाल (पूर्व प्रत्याशी, नगर परिषद), कमलेश अग्रवाल (प्रोपराइटर, बाबा कमलेश वस्त्रालय), राकेश पाल (समाजसेवी), विशाल केशरी (प्रोपराइटर, लक्ष्मी सिल्वर सेंटर), निशु केशरी (लक्ष्मी सिल्वर सेंटर). 

लोगों से अपील 

एसडीएम ने कहा कि पिछले 22 दिनों से लगातार चल रहा यह अभियान अब गढ़वा के गौरव को वापस लाने का एक बड़ा जनआंदोलन बन चुका है. प्रशासन ने आम नागरिकों से भावुक अपील की है कि वे नदी को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं और कचरा न फेंककर इस जनअभियान के सच्चे पहरेदार बनें. 

ये भी पढ़ेंPalamu: पेयजल संकट से आक्रोशित कोनवाई के ग्रामीणों ने पांकी-मेदिनीनगर मुख्य पथ को किया 6 घंटे जाम

ये भी पढ़ेंविनीत हत्याकांड में पुलिस ने दिलीप तिवारी को रिमांड पर लेकर किया पूछताछ, थाना परिसर से पैदल जेल पहुंचाया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो. झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >