Garhwa News: पीएम श्री स्कूल के औचक निरीक्षण में मिली अनियमितता, प्रधानाध्यापक को फटकार; एक सप्ताह में सुधार का निर्देश

रंका के खपरो पीएम श्री स्कूल में उप सचिव अनुप कुमार ने औचक निरीक्षण किया। अव्यवस्था मिलने पर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई और सुधार के कड़े निर्देश दिए।

रंका, गढ़वा : शिक्षा विभाग के उप सचिव अनुप कुमार ने गुरुवार को रंका पहुंचकर खपरो पीएम श्री मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान कई स्तरों पर अनियमितता मिलने पर उन्होंने नाराजगी जतायी और प्रधानाध्यापक वीरेंद्र राम को कार्यप्रणाली में सुधार लाने की कड़ी चेतावनी दी.

खेल सामग्री और कंप्यूटर लैब के रखरखाव पर नाराजगी

उप सचिव ने पीएम श्री विद्यालय में सरकार की ओर से उपलब्ध करायी गयी विभिन्न सामग्रियों की वास्तविक स्थिति की जांच की. खेलकूद की सामग्री, बैंड बाजा और कंप्यूटर लैब के रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को फटकार लगायी.

उन्होंने एक सप्ताह के अंदर विद्यालय के पुस्तकालय और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने का निर्देश दिया.

उपस्थिति से लेकर स्मार्ट क्लास तक की जांच

निरीक्षण के दौरान उप सचिव ने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं संचालन, बाल संसद, इको क्लब, दिव्यांग बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, शौचालय, आइसीटी लैब और स्मार्ट क्लास का जायजा लिया.

उन्होंने विद्यालय के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की. इस दौरान कई अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिये.

शिक्षकों और बाल संसद सदस्यों को आई कार्ड का निर्देश

उप सचिव अनुप कुमार ने विद्यालय के सभी शिक्षकों और बाल संसद के सदस्यों के लिए आई कार्ड लागू करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पीएम श्री विद्यालयों को आदर्श और मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया जाना है. इसी उद्देश्य से पीएम श्री स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है.

निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली.

मौके पर जिला फील्ड मैनेजर नीरज कुमार, बीपीएम रवि कुमार, संकुल साधन सेवी देवेंद्र नाथ उपाध्याय समेत अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >