अंधेरे में आधा दर्जन गांव, बंद पड़ी पेंशन: गढ़वा जनसुनवाई में खुली अव्यवस्था की पोल

गढ़वा जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बिजली, पेंशन और सड़क की समस्याओं को उठाया. डीसी पशुपति नाथ मिश्रा ने लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के दिए निर्देश.

गढ़वाः समाहरणालय सभागार में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं. इस दौरान राशन, पेंशन, बिजली, सड़क, मुआवजा और योजनाओं में गड़बड़ी से संबंधित दर्जनों आवेदन सौंपे गए. मामलों की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी.

भंडरिया: पोल-तार लगे, फिर भी गांव अंधेरे में

जनता दरबार में भंडरिया प्रखंड के बीजका, चपलसी, हरता तिहारी और बसंतपुर के ग्रामीणों ने बिजली समस्या को लेकर शिकायत की. ग्रामीणों ने बताया कि गांवों में वर्षों पहले बिजली के खंभे और तार लगा दिए गए हैं, लेकिन अब तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों के दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है.

धुरकी: आधार केंद्र की कार्यशैली पर सवाल

धुरकी प्रखंड परिसर स्थित आधार सेवा केंद्र को लेकर भी शिकायत पहुंची. भंडार निवासी अर्चना कुमारी ने बताया कि आधार में मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए जरूरी दस्तावेज और शुल्क जमा करने के बाद भी उन्हें बार-बार दौड़ाया जा रहा है. उन्होंने केंद्र पर तय कर्मचारी की जगह अनाधिकृत व्यक्ति के बैठने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया. उपायुक्त ने मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया.

मंईयां सम्मान योजना की राशि बंद

भवनाथपुर प्रखंड के मकरी गांव की सरिता देवी ने बताया कि बैंक खाता एनपीसीआई और डीबीटी से लिंक होने के बावजूद जनवरी 2025 के बाद से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिली है. आवेदन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ.

14 महीने से पेंशन का इंतजार

भवनाथपुर के बुका गांव की शिवपतिया देवी ने बताया कि वृद्धावस्था पेंशन पिछले 14 महीनों से बंद है. बीडीओ से शिकायत करने के बाद भी पेंशन शुरू नहीं हो सकी है.

मेराल: सड़क जर्जर, ग्रामीण परेशान

मेराल प्रखंड की ग्राम पंचायत बाना अंतर्गत रामबान टोला से किताबार तक जाने वाली सड़क की बदहाली की शिकायत ग्रामीणों ने उपायुक्त से की. ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है. बारिश के दिनों में सड़क कीचड़ में बदल जाती है, जिससे स्कूली बच्चों और मरीजों को आवागमन में परेशानी होती है.

उपायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त सभी शिकायतों पर त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी. संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समस्याओं का समाधान करें. किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash singh

अविनाश कुमार सिंह प्रभात खबर के गढ़वा ब्यूरो चीफ हैं. वह आंचलिक से लेकर राज्य मुख्यालय तक 27 वर्ष से अधिक की पत्रकारिता का अनुभव रखते हैं. राजनीतिक विश्लेषण, क्राइम रिपोर्टिंग, हाई-प्रोफाइल इंटरव्यू और खोजी पत्रकारिता.में इन्हें महारत हासिल है. अविनाश कुमार सिंह झारखंड की पत्रकारिता और 'प्रभात खबर' के विश्वसनीय चेहरा हैं, जिन्होंने खबरों की गुणवत्ता को हमेशा प्राथमिकता दी है. लगभग तीन दशकों (27 वर्ष) के अपने लंबे सफर में उन्होंने पलामू ब्यूरो प्रमुख के रूप में 10 साल से अधिक समय तक नेतृत्व किया. इसके बाद प्रदेश मुख्यालय (रांची) में काम करते हुए, विशेषकर वर्ष 2024 के चुनावों के दौरान, उनके सटीक चुनावी विश्लेषण और राजनीतिक रिपोर्टिंग ने काफी प्रभाव छोड़ा.उनकी लेखनी का दायरा बेहद व्यापक है—संवेदनशील क्राइम रिपोर्टिंग से लेकर प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के इंटरव्यू तक, उनकी हर खबर चर्चा में रही है. पत्रकारिता के माध्यम से कई बड़े मामलों का उद्भेदन करना उनकी विशेष पहचान है.झारखंड राज्य गठन के बाद अविनाश ने पलामू में काम करते हुये राजनीतिक से जुड़ी कई ऐसी खबर को ब्रेक किया ,जिसका असर राज्य की राजनीतिक पड़ा .प्रयोगधर्मी पत्रकार के रूप में भी इनकी पहचान है .संस्थान के प्रति समर्पण के लिए उन्हें 'बेस्ट एम्प्लोयी' जैसे पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है. प्रभात खबर के संघर्ष से लेकर इसके विकास और उत्थान के सफर में अविनाश एक सक्रिय सहभागी और सहयात्री रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >