गढ़वा: अनुमंडलीय अस्पताल श्री बंशीधर नगर के संचालन में लगातार मिल रही कुव्यवस्था और अनियमितता की शिकायतों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है. उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कड़ा कदम उठाते हुए अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुचित्रा कुमारी को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है.
वहीं, उनके स्थान पर सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी को अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. डॉ. केनेडी अब सिविल सर्जन के साथ-साथ अनुमंडलीय अस्पताल के संचालन की दोहरी जिम्मेदारी का भी निर्वहन करेंगे.
निरीक्षण में मिली थीं कमियां
जानकारी के अनुसार, उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा द्वारा विगत दिनों किए गए निरीक्षण के दौरान अनुमंडलीय अस्पताल में भारी कमियां और अव्यवस्था पाई गई थी. इसके अलावा स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों द्वारा अस्पताल की कार्यशैली को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं.
अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था के कारण विधि-व्यवस्था भंग होने की स्थिति भी उत्पन्न हो रही थी. इसे देखते हुए उपायुक्त ने स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने और मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की है.
