डंडई से रमेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट
Garhwa News: झारखंड के गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र निवासी विनोद भुइयां ने अपने 23 वर्षीय बेटे अमित कुमार के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराई है. युवक के अचानक गायब होने से परिजन काफी परेशान हैं.
मजदूरी करने मेरठ गया था युवक
थाने में दिए गए आवेदन में बताया गया है कि अमित कुमार अपने परिवार के भरण-पोषण और बेहतर भविष्य की उम्मीद में मजदूरी करने के लिए मेरठ गया था, जहां वह ठेकेदार समीर खान के अधीन काम कर रहा था. परिजनों का आरोप है कि करीब तीन महीने तक लगातार काम कराने के बावजूद ठेकेदार ने उसकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया और बार-बार पैसे मांगने पर भी उसे केवल कोरा आश्वासन दिया जाता रहा.
मजदूरी नहीं मिलने से परेशान होकर छोड़ा काम
आर्थिक तंगी और ठेकेदार के इस रवैये से परेशान होकर आखिरकार अमित ने वहां काम छोड़ दिया और वापस अपने घर लौटने का फैसला लिया. इसी क्रम में बीती 23 मई 2026 को दोपहर करीब दो बजे वह स्टेशन पहुंचा था. उसके पास घर लौटने तक का किराया भी नहीं बचा था, जिसके बाद उसने अपनी मां को फोन कर एक हजार रुपये भेजने को कहा. बेटे की बात सुनकर मां ने तत्काल मोबाइल के माध्यम से रुपये भेज दिए, लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद से अमित कुमार का कोई पता नहीं चल सका है.
10 दिनों से लापता
दस दिन बीत जाने के बाद भी न तो वह घर पहुंचा है और न ही उसने किसी अन्य नंबर से अपने परिजनों से संपर्क किया है. उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ बता रहा है, जिससे परिवार के लोगों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है. परिजनों ने बताया कि अमित कुमार शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बेटी भी है. उसके इस तरह अचानक लापता होने से पत्नी, मासूम बेटी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार ने डंडई थाना पुलिस से युवक की शीघ्र खोजबीन कर उसे सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है, वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है.
यह भी पढ़ें: जल जीवन मिशन 2.0 पर झारखंड और केंद्र के बीच समझौता, हेमंत सोरेन ने लंबित फंड जारी करने की उठाई मांग
यह भी पढ़ें: हजारीबाग आरटीए की नई सचिव बनीं सुजाता कुजूर, सड़क सुरक्षा और कानून अनुपालन पर रहेगा फोकस
