श्रीबंशीधर नगर. सीआरपीएफ की 172वीं बटालियन की ओर से रविवार को श्री बंशीधर मंदिर परिसर में स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाया गया. अभियान में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव, सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी शैलेंद्र कुमार वशिष्ठ सहित जवानों और स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई की.
इस दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया.अभियान के दौरान शैलेंद्र कुमार वशिष्ठ ने जवानों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलायी. सभी ने स्वयं गंदगी नहीं करने, दूसरों को भी गंदगी करने से रोकने और प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया. विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी की भागीदारी जरूरी है.
नियमित सफाई और जागरूकता से ही स्वच्छ वातावरण बनाया जा सकता है.मौके पर उप कमांडेंट जी. मधु, सत्येंद्र पांडेय, डॉ संतोष कुमार, राहुल राज आनंद, शिक्षक खुशदिल सिंह, समाजसेवी भोलू मधुकर, सफाई कर्मी संवेदक आशीष कुमार सहित सीआरपीएफ जवान और अन्य लोग मौजूद थे.
