प्रतिनिधि, श्री वंशीधर नगर डीजल-पेट्रोल के मूल्यों में हुई बेतहाशा वृद्धि और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ वाम जनवादी मोर्चा की ओर से नगर के बस स्टैंड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया. इससे पूर्व हेन्हों मोड़ से मोर्चा के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के पुतले के साथ एक विरोध जुलूस निकाला. यह जुलूस मुख्य पथ से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा, जहां राजद नेता दयानंद पांडेय ने पीएम के पुतले को जलाया. जुलूस में शामिल कार्यकर्ता डीजल-पेट्रोल के मूल्य में हुई वृद्धि वापस लो, महंगाई पर रोक लगाओ, हर जोर जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है और केंद्र सरकार हाय-हाय के नारे लगाये. पुतला दहन के बाद भाकपा के जिला सचिव रामेश्वर प्रसाद अकेला ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है. डीजल और पेट्रोल की कीमतों में की गयी वृद्धि के कारण बाजार में सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम जनता का जीना मुहाल हो गया है. मौके पर मुख्य रूप से भाकपा राज्य परिषद सदस्य विनोद ठाकुर, कांग्रेस सेवा दल के जिला मुख्य संगठक ईश्वरी चौधरी, कांग्रेस के जिला महामंत्री ओमप्रकाश चौबे, माकपा के जिला सचिव जयप्रकाश गुप्ता, बिरेंद्र राम, नसीर अंसारी, भाकपा के श्रीराम, रामनाथ उरांव आदि उपस्थित थे.
हर मोर्चे पर विफल हो रही केंद्र सरकार: रामेश्वर
हर मोर्चे पर विफल हो रही केंद्र सरकार: रामेश्वर
