राजकमल तिवारी की रिपोर्ट
गढ़वा. रांची में आंदोलनरत छात्रों पर विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को आहूत झारखंड बंद का असर गढ़वा में भी देखने को मिला. बंद को सफल बनाने और छात्रों पर हुए बल प्रयोग के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नेता व कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर में निकला जुलुस
मंगलवार सुबह करीब आठ बजे भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शहर के प्रमुख रंका मोड़ स्थित घंटा घर के पास एकत्रित हुए. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जुलूस की शक्ल में शहर के विभिन्न मार्गों में भ्रमण कर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने की अपील की और सरकार विरोधी नारे लगाये.
धांधली के सबूत, तो सीबीआई जांच से परहेज क्यों?
प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता विनय चौबे ने हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, जब जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में धांधली व गड़बड़ी के स्पष्ट प्रमाण मिल रहे हैं, तो आखिर हेमंत सरकार इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने से परहेज़ क्यों कर रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले माफियाओं और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है.
ये भी पढ़ें: JPSC JSSC Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ बीजेपी का हल्लाबोल, आज झारखंड बंद का आह्वान
भाजपा के कई वरिष्ठ नेता हुए रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन और जुलूस में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे. मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता विनय चौबे, उमेश कश्यप, विधायक प्रतिनिधि रिंकू तिवारी, रितेश चौबे सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. सभी नेताओं ने रांची में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं व अभ्यर्थियों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की.
