भवनाथपुर (गढ़वा). कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर टाईगर युवा क्लब भवनाथपुर की ओर से स्थानीय बुका क्रिकेट मैदान में भव्य भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु, युवा और ग्रामीण शामिल हुए.
भोजपुरी के गायकों ने दी प्रस्तुति
भोजपुरी की प्रसिद्ध गायिका खुशबू शर्मा और गायक प्रदीप लाल यादव ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी. कृष्ण और राधा रानी के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे. पूरे मैदान में भक्तिमय माहौल बना रहा.
ये भी पढ़ें: डंडई में जन्माष्टमी पर बाल कृष्ण बने नन्हे-मुन्ने, मोर मुकुट और बांसुरी ने खींचा सबका ध्यान
अतिथियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन युवा नेता दीपक प्रताप देव, जिला परिषद सदस्य शर्मा रजनी और भवनाथपुर थाना के एसआइ परवेज आलम ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. इस दौरान अतिथियों ने कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी हमें प्रेम, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है. ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से युवाओं में अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव और भक्ति भावना मजबूत होती है.
ये भी पढ़ें: बेटियों की सुरक्षा से आत्मनिर्भरता तक: गढ़वा में मिशन शक्ति को धार दे रहा प्रशासन
क्लब सदस्यों ने निभायी अहम भूमिका
टाईगर युवा क्लब के अध्यक्ष अजित चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष सूर्य प्रकाश यादव, सचिव राहुल राज और व्यवस्थापक चंद्र प्रकाश यादव व अरुण चंद्रवंशी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जन्माष्टमी को यादगार बनाने के लिए भक्ति जागरण का आयोजन किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. शांतिपूर्ण आयोजन के लिए भवनाथपुर थाना की पुलिस भी मौके पर तैनात रही.
