घनश्याम सोनी की रिपोर्ट
बड़गड़ (गढ़वा). बड़गड़ प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गयी है. कच्चे मकानों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. वहीं कई मकान और दुकानें गिरने की भी सूचना है.
तेजी से बढ़ा नदी-नालियों का जलस्तर
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की नदी-नालियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ है. नदी-नालों में तेज बहाव के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में खतरा उठाना पड़ रहा है.
कपड़े की दुकान और मकान ध्वस्त
भारी बारिश के कारण बड़गड़ बाजार में अजीज अंसारी की टेलरिंग और कपड़े की दुकान गिरकर पूरी तरह ध्वस्त हो गयी. दुकान के गिरने से सामान को भी नुकसान होने की आशंका है. वहीं परसवार गांव में विजय प्रसाद का मकान भी भारी बारिश के कारण ध्वस्त हो गया. अचानक मकान गिरने से परिवार के सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गयी है.
घरों में घुसा पानी, जलजमाव से परेशानी
बड़गड़ में प्रताप कुमार और गणेश प्रसाद के घरों में भी लगातार बारिश के कारण जलजमाव हो गया है. बताया गया कि घर के अंदर से पानी निकलने के कारण स्थिति और खराब हो गयी है. इससे दोनों परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बाढ़ में पांच गोवंशीय पशुओं की मौत
मदगढ़ी च क्षेत्र में अचानक आयी बाढ़ ने पशुपालक परिवार को भी नुकसान पहुंचाया है. जानकारी के अनुसार गूंगा नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से लक्ष्मण किसान के पांच गोवंशीय पशु बह गये. इनमें एक गाय और चार बैल शामिल हैं.
बताया गया कि सभी पशुओं को चरने के लिए नदी किनारे बांधा गया था. इसी दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव में पशु बह गये. बाद में एक गाय और चार बैलों की मौत की जानकारी मिली.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में भारी बारिश से फसलों को नुकसान, डीसी ने लिया जायजा, पारदर्शी आकलन का दिया निर्देश
बांध टूटने से एक और पशु की मौत
मदगढ़ी च क्षेत्र के पलामू टाइगर रिजर्व इलाके में भी एक बांध टूटने और बांध के पानी में बहने से एक अन्य गोवंशीय पशु की मौत की सूचना मिली है. लगातार बारिश और नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए क्षेत्र में लोगों के साथ-साथ पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गयी है. ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों और पशुपालकों को जल्द राहत और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
