उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने जारी किया स्पष्ट आदेश
पूर्व उपायुक्त दिनेश यादव के समय का स्थानांतरण ही रहेगा प्रभावी
गढ़वा. जिला प्रशासन ने कंप्यूटर ऑपरेटरों के स्थानांतरण एवं प्रतिनियुक्ति संबंधी आदेशों पर पैदा हुए असमंजस को समाप्त करते हुए एक बड़ा फैसला लिया है. उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर जिला स्थापना शाखा ने इस संबंध में स्पष्टीकरण जारी कर दिया है. इसके तहत पूर्व में अपर समाहर्ता (एसी) द्वारा जारी किये गये पुनः स्थानांतरण और प्रतिनियुक्ति के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है. अब पूर्व उपायुक्त दिनेश यादव के कार्यकाल में जारी किया गया स्थानांतरण आदेश ही यथावत प्रभावी रहेगा. प्रभात खबर ने इस विसंगति को प्रमुखता से प्रकाशित किया था.खबर में बताया गया था कि तत्कालीन उपायुक्त दिनेश यादव द्वारा जिला अंतर्गत विभिन्न अंचल कार्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों का जो स्थानांतरण (दिनांक 14.03.2026) किया गया था, उसे तत्कालीन एसी ने एक पृथक आदेश के जरिये पलट दिया था.
प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है
एक ही प्रशासनिक व्यवस्था में दो विरोधाभासी आदेशों के कारण कार्यालयों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी.प्रभात खबर की रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन ने यह सुधारात्मक कदम उठाया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, स्पष्टता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है. जिला स्थापना कार्यालय से जारी 14 मार्च 2026 का आदेश ही अंतिम और मान्य होगा, ताकि संबंधित कार्यालयों में कार्य निष्पादन बिना किसी बाधा के प्रभावी ढंग से जारी रह सके.