विशुनपुरा अपर बाजार 5 दिन से अंधेरे में : ट्रांसफार्मर जलने से 1000 लोग परेशान, अतिक्रमण बना रोड़ा

विशुनपुरा में 200 केवी का ट्रांसफार्मर जलने से 200 व्यवसायी और एक हजार ग्रामीण पांच दिनों से अंधेरे में हैं। प्रशासन से तत्काल बिजली बहाली की मांग की गई है।

आशुतोष गुप्ता की रिपोर्ट विशुनपुरा (गाढ़वा). विशुनपुरा मुख्यालय के अपर बाजार में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है. 200 केवी का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण पूरा मुख्य बाजार अंधेरे में डूबा हुआ है. बिजली नहीं रहने से करीब 200 व्यवसायियों सहित लगभग एक हजार ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों और व्यवसायियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार सूचना दी, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर बदलने या बिजली व्यवस्था बहाल करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.

बिजली के साथ पानी की भी समस्या

पांच दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण बाजार के व्यवसायियों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. घरों और दुकानों में पानी की समस्या भी गंभीर हो गयी है. मोटर नहीं चलने के कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. बिजली पर निर्भर छोटे-बड़े व्यवसायों पर भी इसका सीधा असर पड़ा है. छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में परेशानी हो रही है. शाम होते ही बाजार और आसपास के इलाके में अंधेरा छा जाता है. लंबे समय से बिजली व्यवस्था बाधित रहने से लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

ट्रांसफार्मर तक पहुंचने का रास्ता अतिक्रमण की चपेट में

व्यवसायी रामेश्वर प्रसाद, सुनील सोनी, विकास सोनी, मुखदेव प्रसाद, बीएन साहू, महेंद्र प्रसाद, ललन सोनी, बिनोद सोनी, सुशील गुप्ता, मनोज गुप्ता, कृष्णा कुमार, शिवप्रसाद, मुरली प्रसाद, रामाधार सोनी, लालबाबू, जयशंकर प्रसाद, बिहारी गुप्ता सहित सैकड़ों लोगों का आरोप है कि जिस स्थान पर ट्रांसफार्मर लगाया गया है, वहां तक पहुंचने वाले रास्ते पर अतिक्रमण कर लिया गया है. इसके कारण ट्रांसफार्मर तक पहुंचने और मरम्मत कार्य कराने में परेशानी हो रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि रास्ते के अतिक्रमण की जानकारी अंचल कार्यालय और थाना को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी है.

ये भी पढ़ें: बेटियों की सुरक्षा से आत्मनिर्भरता तक: गढ़वा में मिशन शक्ति को धार दे रहा प्रशासन

विभाग और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल

पांच दिनों से बाजार की बिजली व्यवस्था ठप है, बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गयी है. लोगों का सवाल है कि इतनी बड़ी आबादी और सैकड़ों व्यवसायियों को प्रभावित करने वाली समस्या पर विभाग कब गंभीर होगा. अतिक्रमण की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों में प्रशासन के प्रति भी आक्रोश है.

ये भी पढ़ें: MMDR संशोधन बिल के खिलाफ झामुमो का हल्ला बोल, 7 सितंबर को गढ़वा में धरना-प्रदर्शन

व्यवसायियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

व्यवसायियों और ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने तथा ट्रांसफार्मर तक जाने वाले रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे विभाग और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >