गढ़वा : झारखंड राज्य के 81 भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े हैं, जिनके भाग्य का फैसला होने जा रहा है. इसमें भाजपा से भानु प्रताप शाही, निर्दलीय रूप में अनंत प्रताप देव, बसपा से सोगरा बीबी, झाविमो से विजय कुमार केसरी, कांग्रेस से केपी यादव, जदयू से शकुंतला देवी, तृणमूल कांग्रेस से कन्हैया चौबे, लोजपा से रेखा चौबे सहित विभिन्न अन्य दलों के एवं निर्दलीय प्रत्याशी शामिल हैं.
सभी प्रत्याशियों ने अंतिम समय तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंकी है. भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही को जहां अपनी प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है. वहीं भाजपा से टिकट कटने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी बने अनंत प्रताप देव के लिए भी यह चुनाव उनके राजनीतिक कैरियर को प्रभावित करेगा.
वहीं बसपा सोगरा बीबी के माध्यम से इस बार पूरी ताकत के साथ इस सीट पर कब्जा करने के लिए कमर कसी हुई दिखती है. इसके अलावा झाविमो से युवा नेता विजय कुमार केसरी पहली बार चुनाव मैदान में हैं और विजय हासिल करने के लिए अंतिम समय तक मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास किये हैं.
जबकि कांग्रेस पार्टी से केपी यादव यूपीए गठबंधन के प्रत्याशी हैं. ये राजद, झामुमो जैसे अपने सहयोगी दलों के सहयोग से सीट पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं. इधर तृणमूल कांग्रेस से कन्हैया चौबे, जदयू से शकुंतला देवी एवं लोजपा से रेखा चौबे भी मैदान में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए सभी तरह से प्रयास किये हैं. इसी तरह अन्य दलों व निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में हैं.
यद्यपि इनमें से कई नामांकन के बाद से ही विशेष सक्रिय नहीं दिखे. यहां तक की उनका प्रचार भी आम मतदाताओं तक नहीं पहुंच पाया है. लेकिन निर्दलीय सहित अधिकांश दल के प्रत्याशियों ने अपने-अपने स्तर से अंतिम समय तक मतदाताओं के घर-घर जाकर उनको अपने पक्ष में करने का प्रयास किया है.
