गढ़वा : गढ़वा जिलावासियों ने नया साल 2019 की शुरुआत वनभोज का आनंद लेकर किया. उत्साही बच्चे, युवा के साथ सयाने लोग भी इस वनभोज का आनंद लेते गये. बच्चों व युवाओं ने नये साल पर वनभोज के लिए जाने की हर साल की तरह पहले से ही योजना बना रखी थी. जिले के सभी पिकनिक स्थलों पर नववर्ष की खुशी मनानेवालों की भीड़ थी.
सभी अपने खाने-पीने और संगीत का आनंद लेने में मस्त थे. जिले के सुखलदरी झरना, गुरुसिंधु जलप्रपात, सतबहिनी झरना, अन्नराज डैम, पनघटवा डैम, राजा पहाड़ी, सेल आरएमडी का डैम जैसे पिकनिक स्थलों पर सैकड़ों की संख्या में लोगों को वनभोज मनाते देखा गया.
अलग-अलग समूह में पहुंचे लोग अपने-अपने ढंग से नया साल का आनंद लेते देखे गये. युवा व बच्चे को संगीत की धुन पर थिरकते देखा गया. लोग खाने-पीने की व्यवस्था के साथ अपने-अपने वाहनों से वनभोज स्थल पर पहुंचे हुए थे.
सुखलदरी झरना में काफी दूर-दराज से लोग पिकनिक मनाने आये हुए थे. यहां पिछले साल झरना में डूबने गढ़वा शहर के एक युवक की मौत हो गयी थी. इससे सबक लेते हुए पुलिस प्रशासन ने इसबार झरना में कूद कर नहाने पर प्रतिबंध लगा दिया था.
कोई भी इस प्रकार की घटना की पुनरावृति न हो, इसके लिए पुलिस का सख्त पहरा बैठा दिया गया था. किसी भी पिकनिक स्थलों पर किसी तरह की अप्रिय घटना ने हो, इसके लिए जिले के सभी प्रसिद्ध पर्यटन केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किये गये थे. गढ़वा शहर के अधिकांश लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित हेलीपैड पर पहुंचकर नया साल का पहला दिन बिताया.
यहां शहर के लोगों की वनभोज मनाने के लिए काफी भीड़ थी. शाम होते-होते यहां मेला सा दृश्य बन गया था. नया साल को लेकर कल शाम से लेकर मंगलवार की सुबह तक बाजार में मीट, मुर्गा की खूब बिक्री हुई. यद्यपि बाजार में मंगलवार दिन का भी प्रभाव था. बावजूद मीट, मुर्गा और वनभोज से संबंधित दुकानों पर काफी भीड़ थी.
नया साल के अवसर पर दिन में गढ़वा शहर के अधिकांश दुकान बंद थे. सड़कों पर भी सन्नाटा जैसा पसरा हुआ था. इस बार पुलिस प्रशासन की विशेष चौकसी के कारण पिकनिक स्थलों पर किसी भी तरह की अप्रिय घटनाएं नहीं हुईं, वहीं सड़क दुर्घटना की खबर भी नहीं आयी. दूरस्थ पर्यटन स्थलों से वनभोज का आनंद लेकर लोग देर शाम तक वापस होते नजर आये.
