गढ़वा : गढ़वा में बदहाल बिजली व्यवस्था से लोगों में उबाल बढ़ता जा रहा है़ पिछले एक पखवारे से जिले में बिजली की दयनीय स्थिति थमने का नाम नहीं ले रही है़ इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है़ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा पिछले तीन दिन से आंदोलन को […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
गढ़वा : गढ़वा में बदहाल बिजली व्यवस्था से लोगों में उबाल बढ़ता जा रहा है़ पिछले एक पखवारे से जिले में बिजली की दयनीय स्थिति थमने का नाम नहीं ले रही है़ इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश अब आंदोलन का रूप लेता जा रहा है़ शहर के प्रबुद्ध नागरिकों द्वारा पिछले तीन दिन से आंदोलन को गति दिया जा रहा है़
इसी कड़ी में गुरुवार की शाम शहर के खादी बाजार से ढिबरी जुलूस निकाल कर उपायुक्त आवास तक नारेबाजी करते पहुंचे लोगों ने बिजली विभाग के प्रति जमकर भड़ास निकाली तथा नुक्कड़ सभा कर अपना विचार व्यक्त किया़
तत्पश्चात जिला प्रशासन की ओर से मौके पर पहुंचे गढ़वा सीओ वैजनाथ कामती को ज्ञापन सौंपा़ इस दौरान जुलूस के बाद नुक्कड़ सभा में अपना विचार व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गढ़वा जिला बिजली के मामले में पहले से ही काफी उपेक्षित रहा है़ समीप के पलामू जिले को हटिया ग्रिड से तो जोड़ दिया गया,
लेकिन गढ़वा को सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा़ भीषण गर्मी शुरू होते ही गढ़वा में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है़ बिजली विभाग के लोग तरह-तरह के बहानेबाजी कर उपभोक्ताओं को गुमराह करने का काम करते रहे हैं. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. बिजली के मामले में विभाग व जिला प्रशासन का ठोस जवाब देना होगा और जिले को समुचित बिजली भी बहाल करनी होगी़ वक्ताओं ने कहा कि अब कोरे आश्वासन के दिन लद गये़ जिले में बिजली की जो वर्तमान स्थिति है, उससे लोगों का जीना मुहाल हो गया है़ अब उपभोक्ताओं के समक्ष आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं है़
मौके पर पूर्व नगर अध्यक्ष अनिता दत्त, कंचन साहू, अनूप तिवारी, पुष्परंजन, सोनू सिंह, नवीन तिवारी, गुरुदत्त, दीपक तिवारी, सुभाष केसरी, दयाशंकर गुप्ता, संदीप दुबे, आशुतोष पांडेय, विजय केसरी, उत्तम जायसवाल, अरविंद केसरी, मनोज केसरी,राजू मालाकार, दौलत सोनी, सतीश दुबे, राहुल कुमार,अमित केसरी, सुनील केसरी, विपुलधर दुबे, विकास पांडेय, साकेत मालाकार, विनोद जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे़