जिले में बालू का अवैध धंधा फल-फूल रहा है

वंशीधर नगर : गढ़वा जिले में अवैध बालू का कारोबार फल फूल रहा है, जिस कारण यहां के गरीबों को बालू नहीं मिल रहा है. बालू नहीं मिलने से शौचालय व प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य बाधित हो रहा है. उक्त बातें पूर्व मंत्री सह झाविमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष रामचंद्र केसरी ने चेचरिया स्थित पार्टी […]

वंशीधर नगर : गढ़वा जिले में अवैध बालू का कारोबार फल फूल रहा है, जिस कारण यहां के गरीबों को बालू नहीं मिल रहा है. बालू नहीं मिलने से शौचालय व प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य बाधित हो रहा है. उक्त बातें पूर्व मंत्री सह झाविमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष रामचंद्र केसरी ने चेचरिया स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार का निर्देश है कि झारखंड से बालू किसी भी दूसरे प्रदेशों में नहीं जायेगा. लेकिन प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक बालू उत्तर प्रदेश में बेरोक टोक जा रहा है. उन्होंने कहा कि लगता है कि खनन विभाग व अन्य विभागों की इसमें मिली भगत है.

उन्होंने कहा कि जिले में सरकारी योजनाओं को पूरा करने के लिए जब स्थानीय लोग ट्रैक्टर से बालू मंगवाते हैं, तब प्रशासन के लोग पकड़ कर उन्हें दंडित करते हैं और अनावश्यक रूप से उन्हें परेशान करना अपनी शान समझते हैं. स्थानीय जनता सरकारी कार्यों को पूरा करने के लिए दोनों तरफ से पीस रही है. उन्होंने कहा कि विगत 28 मई को समाचार पत्रों के माध्यम से पता चला कि उत्तर प्रदेश की सीमा पर बालू लदे 200 ट्रक परिवहन पदाधिकारी और प्रशासन ने पकड़ा है. उन्होंने कहा कि यह खेल वर्षो से चल रहा है. इसी का परिणाम था कि जतपुरा गोलीकांड में तीन निरीह व्यक्तियों की जान चली गयी.

उन्होंने कहा कि जतपुरा गोलीकांड प्रशासन की उदासीनता के कारण ही हुई थी. उन्होंने कहा कि जो 200 गाड़ी बालू पकड़ने की बात सामने आ रही है, वह उत्तर प्रदेश जिला सोनभद्र के परिवहन पदाधिकारी द्वारा विंढमगंज में कार्यवाही के कारण गढ़वा जिला प्रशासन की कुंभकर्णी निद्रा टूटी है और पकड़ने का दावा कर रही है. उन्होंने कहा कि इसके बावजूद विभागीय पदाधिकारियों द्वारा मामले को रफा दफा करने की तिकड़मबाजी चल रही है. उन्होंने कहा कि झाविमो विभाग व प्रशासन से मांग करती है कि झारखंड सरकार के नियमों के अनुसार बालू अन्य प्रदेशों में भेजने का गोरखधंधा बंद होना चाहिए तथा यहां के निवासियों को निःशुल्क बालू दिलाकर सरकारी कार्यों को पूरा करने में सहयोग करना चाहिए. प्रेस वार्ता में सीता राम जायसवाल,विश्वनाथ चंद्रवंशी,अश्विनी कुमार,कमला सिंह,विंध्याचल राम,रमेश प्रसाद उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >