गढ़वा. बड़गड़ प्रखंड कार्यालय के सभागार में शनिवार को जिला परिवहन विभाग, गढ़वा की ओर से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के लिए पंचायत स्तरीय शिविर लगाया गया. शिविर में बड़गड़, परसवार, मदगड़ी (च) और टेहरी पंचायत के अलावा अन्य प्रखंडों से भी बड़ी संख्या में युवा पहुंच गये. इससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
अन्य प्रखंडों के लोगों के पहुंचने पर स्थानीय नाराज
व्यवस्था संभालने के लिए बड़गड़ थाना से पुलिस बल तैनात करना पड़ा. अन्य प्रखंडों के लोगों के शिविर में पहुंचने पर स्थानीय युवाओं ने नाराजगी जतायी. उनका कहना था कि अधिक भीड़ के कारण स्थानीय आवेदकों को परेशानी हुई. परिवहन विभाग के कर्मियों ने देर शाम करीब 7:30 बजे तक आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया.
ये भी पढ़ें: समीक्षा बैठक में BPO ने दिए सख्त निर्देश - e-विद्या वाहिनी पर SMC एंट्री और अपार ID में लाएं तेजी
पुनः शिविर आयोजित करने की मांग
इसके बावजूद समय और प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण कई आवेदक बिना लाइसेंस बनवाए ही लौट गये. स्थानीय लोगों ने उपायुक्त और परिवहन विभाग से पुनः शिविर आयोजित करने की मांग की है. विभाग के अनुसार शिविर में कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें कागजात के अभाव में दो आवेदन रद्द किए गए, जबकि 13 आवेदक इंटरव्यू में असफल रहे. प्रक्रिया पूरी होने के बाद 115 आवेदकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया.
