गढ़वा. सरकार के नये निर्देशानुसार अब वैसे लोगों को भी प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस योजना का लाभ मिलेगा, जिनका नाम सेक डाटा में नहीं होगा़ इसको लेकर उपायुक्त डॉ नेहा अरोड़ा की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में गैस वितरकों व आपूर्ति विभाग के पदाधिकारियों की बैठक हुई.
बैठक में कहा गया कि गढ़वा जिले में सेक डाटा के अनुसार 1.39 लाख परिवारों को पीएम उज्ज्वला गैस योजना के तहत नि:शुल्क कनेक्शन, गैस चूल्हा व सिलिंडर आदि का वितरण करने का लक्ष्य है़ इस लक्ष्य के अनुरूप अब तक 98 हजार परिवारों को गैस कनेक्शन आदि का वितरण किया जा चुका है़ जबकि शेष का निबंधन कर लिया गया है़ उनके बीच भी जल्द ही गैस कनेक्शन आदि का वितरण कर दिया जायेगा़ बैठक में उपस्थित उज्जवला योजना के जिला नोडल पदाधिकारी निशांत कुमार सिंह ने कहा कि अब सेक डाटा की बाध्यता को समाप्त करते हुए वैसे लोग जिनका पीला कार्ड यानी अंत्योदय अन्न योजना का कार्ड बना हुआ है, उन्हें भी इसका लाभ मिलेगा़ साथ ही अजा, अजजा व बीसी वन के परिवारों को भी इस योजना का लाभ दिया जायेगा़ इसके अलावा जिले के चिह्नित किये गये 32 गांवों के शत-प्रतिशत घरों में ग्राम स्वराज योजना के तहत गैस कनेक्शन आदि का वितरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है़
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सरकार की यह योजना काफी महत्वपूर्ण है, इसका लाभ सभी लाभुकों को जल्द से जल्द पहुंचाने की दिशा में काम किया जाये़ बैठक में रंका एसडीओ जावेद अनवर इदरिशी आदि भी उपस्थित थे़
