घाटशिला.
घाटशिला थाना क्षेत्र में दाहीगोड़ा सर्कस मैदान के समीप बुधवार देर शाम 37 वर्षीय युवक ने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान अर्जुन सोनार के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, अर्जुन सोनार पिछले कुछ समय से किसी घरेलू विवाद के कारण मानसिक रूप से काफी तनाव में चल रहे थे. बुधवार शाम उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया. काफी देर तक कोई हलचल न होने पर जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो उन्हें चादर के फंदे के सहारे छत के पंखे से लटका पाया. आनन-फानन में परिजन उन्हें घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले गये, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरएन सोरेन ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलते ही घाटशिला थाना के सब-इंस्पेक्टर (एसआइ) पंकज कालिंदी अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया. पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जायेगा. मृतक के पिता दिलीप बहादुर सोनार एचसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं. अर्जुन अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, एक बहन और पांच वर्षीय पुत्र को छोड़ गये हैं. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
