पटमदा. बोड़ाम थाना के बोंटा गांव निवासी गुरुचरण महतो के घर से शनिवार देर रात बकरी चोरी के आरोप में ग्रामीणों ने दो युवकों को खदेड़कर पकड़ा. दोनों की पिटाई कर बाइक जब्त कर लिया. दोनों युवकों को रस्सी से पेड़ में बांध दिया. घटना में शामिल अन्य दो युवक अंधेरा का फायदा उठाकर भाग निकले. ग्रामीणों ने रविवार सुबह में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार को मामले की जानकारी दी. दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गये दोनों आरोपियों में उलीडीह, मानगो निवासी कार्तिक उरांव व साहिल शामिल है. ग्रामीणों ने चोरी में प्रयुक्त बाइक को पुलिस को सौंप दिया. थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि दो बाइक पर चार युवक पहले भुइयांसिनान में बकरी चोरी की घटना को अंजाम दिया. बाबूलाल मरांडी के घर से दो बकरी व खस्सी लेकर भागे चुके थे. जब मरांडी को पता चला तो इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी. इसके बाद गांव के लोग अलर्ट हो गये. करीब एक घंटे के बाद वही गिरोह के युवक गुरुचरण महतो के घर से दो खस्सी चुराकर भागने लगे. ग्रामीणों ने एक बाइक पर सवार दो युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया. शुक्रवार की रात में जिले के चाकुलिया में खस्सी चोरी के बाद मॉब लिंचिंग की घटना हुई थी. इसलिए ग्रामीणों ने जागरूकता का परिचय देते हुए युवकों को रस्सी से बांधकर तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी. दोनों का बकरी व खासी बरामद कर लिया गया है. बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर दोनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए जेल भेज दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
