प्रतिनिधि, पटमदा
लगातार हो रही बारिश और तेज हवा के कारण मंगलवार को ग्राम प्रधान भवन पटमदा के पास वर्षों पुराना एक विशाल पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर आ गिरा. पेड़ गिरने से टाटा–पटमदा मुख्य सड़क करीब एक घंटे तक पूरी तरह अवरुद्ध रही, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.घटना की सूचना मिलते ही सीओ सह प्रभारी बीडीओ डॉ राजेंद्र कुमार दास, थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, जिला पार्षद प्रदीप बेसरा और समाजसेवी विश्वनाथ महतो तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. सभी के संयुक्त नेतृत्व में जेसीबी और आरी मशीन की सहायता से युद्धस्तर पर पेड़ को काटकर हटाने का कार्य शुरू किया गया. महज एक घंटे के भीतर पेड़ को सड़क से पूरी तरह हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया. प्रशासन की इस तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया और लोगों ने राहत की सांस ली.
ग्रामीणों ने की पुराने पेड़ों को हटाने की मांगइस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के किनारे कई अन्य पुराने और जर्जर पेड़ भी मौजूद हैं. यदि समय रहते इन्हें नहीं हटाया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग के अधिकारियों से ऐसे खतरनाक पेड़ों को चिह्नित कर जल्द से जल्द हटाने की मांग की है.
