प्रतिनिधि, चाकुलिया
चाकुलिया में सर्पदंश की घटना में लगातार इजाफा हो रहा है. शुक्रवार को सर्पदंश के शिकार दो महिला समेत तीन लोग चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. तीनों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया. डॉ नरेश बास्के की देखरेख में तीनों का इलाज हुआ. इलाज के उपरांत होने घर वापस भेज दिया गया. जुलाई महीने में अब तक 20 लोग सर्पदंश के शिकार हुए हैं.
केस नंबर एक
चाकुलिया प्रखंड की माटियाबंदी पंचायत स्थित कांटाबानी के डमन हांसदा गुरुवार की दोपहर खेत में काम कर रहे थे. उस दौरान डमन हांसदा के पैर में एक सांप ने काट लिया. सांप काटने के बाद डमन ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी. जिसके बाद गांव में डमन को झाड़ फूंक कराया गया. शुक्रवार की सुबह लगभग 7:00 बजे डमन को लेकर परिजन चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. इसके बाद उन्हें सर्पदंश के प्रभाव से बचने के लिए एंटी स्नेक वेनम दिया गया.
केस नंबर दो
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जुगीतोपा पंचायत स्थित सलवाडीह की महिला नानी सोरेन को शुक्रवार की सुबह खेत में काम करने जाने के दौरान सांप ने डस लिया. नानी ने बताया कि वह अपने खेत की मेड़ से होकर गुजर रही थी. तभी मेड पर पहले से बैठे सांप ने उसके पांव में ही डस लिया. सांप के डसने के बाद अत्यंत तीव्र जलन महसूस हुई. परिजनों को मामले की जानकारी दी. आनन-फानन में चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां डॉ नरेश बास्के ने उन्हें एंटी स्नेक वेनम दिया.
केस नंबर तीन
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जुगीतोपा पंचायत स्थित कालिदासपुर गांव में 45 वर्षीय कापरा मांडी को सांप ने डस लिया. कापरा अपने घर से लगभग 2 किलोमीटर दूर खेत में काम करने गई थी. खेत के मेड़ पर बैठे सांप ने कापरा के पांव में डस लिया. खेत से निकलकर कापरा सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति से लिफ्ट लेकर घर तक पहुंची. इसके बाद परिजनों के साथ चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. उसका इलाज डॉ नरेश बास्के की देखरेख में चल रहा है.
