गालूडीह से प्रकाश दास की रिपोर्ट
पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्ररेखा गांव के पास स्वर्णरेखा नदी पर बने रेलवे ब्रिज (घाटर पुल) पर रविवार सुबह करीब 6:50 बजे टाटा-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस के गुजरने के दौरान ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार टूट गया. ट्रेन में सवार यात्रियों के अनुसार, तार टूटने से पहले तेज चरमराहट की आवाज आई और चिंगारियां उठने लगीं. इसके बाद करीब 25 हजार वोल्ट क्षमता वाला ओएचई तार टूटकर ट्रेन की छत पर आ गया, जिससे ट्रेन वहीं रुक गयी.
घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. कई यात्री ट्रेन से उतरकर पैदल ही गालूडीह की ओर राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गये. हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. इधर, सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, तकनीशियन और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीआरडी टीम मौके पर घटनास्थल पहुंची. अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त ओएचई तार की मरम्मत का कार्य शुरू कराया और रेल परिचालन को सामान्य करने की दिशा में कार्रवाई की. ट्रेन करीब 2 घंटे से ब्रिज पर रुकी हुई है. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि तार टूटने के कारणों की जांच की जा रही है. मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही प्रभावित रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह सामान्य हो सकेगा.
ये भी पढ़ें- रूस की क्रीमिया फेडरल यूनिवर्सिटी से डॉ. अनन्य नमन केशरी बने एमबीबीएस, पिठोरिया में खुशी का माहौल
