बहरागोड़ा: प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय बालीकुंडिया इन दिनों रैगिंग के नाम पर जूनियर छात्रों के साथ बेरहमी से मारपीट के गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है. डीसी को सौंपे गये ज्ञापन के बाद इस मामले में प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गयी है. जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी के निर्देश पर बीइइओ विजेंद्र कौर एवं बीआरपी ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की. इसमें प्रथम दृष्टया रैगिंग और मारपीट का मामला सही पाया गया है. प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दोषी सीनियर छात्रों को 15 दिनों के लिए विद्यालय से सस्पेंड कर दिया है.
दोबारा गलती करने पर होगी कड़ी कार्रवाई, अभिभावक तलब
जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी ने बताया कि जांच में दोषी पाये गये सीनियर छात्रों से एक शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कराया गया है. इसमें छात्रों ने लिखित रूप से वचन दिया है कि भविष्य में वे इस तरह की किसी भी अनुशासनहीन और हिंसक घटना की पुनरावृत्ति नहीं करेंगे. वहीं विद्यालय के प्राचार्य स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपी छात्रों के अभिभावकों को तुरंत विद्यालय बुलाकर चेतावनी दी गयी है और आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें 15 दिनों के लिए निष्कासित किया गया है. मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है.
पीड़ित छात्रों के काउंसेलिंग के लिए चलेंगे विशेष सेशन
डीइओ ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यालय परिसर में छात्रों के लिए विशेष काउंसेलिंग सेशन आयोजित किये जायेंगे ताकि उनके बीच से डर का माहौल खत्म हो सके और भविष्य में रैगिंग जैसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगायी जा सके. इस घटना में जूनियर हॉस्टल के कई छात्र प्रभावित हुए हैं. पीड़ित छात्रों में माटीहाना, चाकुलिया, धालभूमगढ़, पोटका के छात्र शामिल हैं.
