East Singhbhum News : स्थानीय समिति को सौंपा गया माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज

घाटशिला प्रखंड की काशिदा पंचायत अंतर्गत चेंगजोड़ा में लगभग ढाई एकड़ भूमि पर बने माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज को उपायुक्त के निर्देश पर स्थानीय समिति को सौंप दिया गया.

घाटशिला.

घाटशिला प्रखंड की काशिदा पंचायत अंतर्गत चेंगजोड़ा में लगभग ढाई एकड़ भूमि पर बने माझी रामदास टुडू हेरिटेज विलेज को उपायुक्त के निर्देश पर स्थानीय समिति को सौंप दिया गया. इसका संचालन ग्राम प्रधान भादो मुर्मू की देखरेख में हो रहा है. घाटशिला की बीडीओ यूनिका शर्मा ने बताया कि 10 सितंबर को ग्राम सभा व ग्रामीणों की सहमति के बाद हेरिटेज विलेज का संचालन ग्राम प्रधान को सौंपा गया. समिति को प्रति माह बैठक कर आय-व्यय का लेखा-जोखा तैयार कर जिला कार्यालय को सौंपना होगा. यह हेरिटेज विलेज श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन के तहत बनाया गया है, ताकि क्षेत्र की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को बढ़ावा मिल सके. कला मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष अमिताभ घोष ने बताया कि परियोजना की स्वीकृति वर्ष 2016 में मिली थी. इसका निर्माण दिसंबर 2019 में शुरू हुआ.

हेरिटेज विलेज में दिखेगी आदिवासी संस्कृति की झलक

परियोजना में अबतक लगभग 2 करोड़ 64 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं. यहां पर्यटकों के लिए 19 बेड की आवासीय सुविधा, रेस्टोरेंट, सांस्कृतिक मंच, म्यूजियम और संताली नृत्य मंच की व्यवस्था है. यहां बने टुडू कॉटेज, सोरेन कॉटेज, हेंब्रम कॉटेज, हांसदा कॉटेज, किस्कू कॉटेज, बास्के कॉटेज, नायके कॉटेज और माझी जी बाखुल कॉटेज पारंपरिक स्थापत्य शैली को दर्शाते हैं.

संताली खान-पान का मिलेगा आनंद

ग्राम प्रधान भादो मुर्मू ने बताया कि कोई भी व्यक्ति आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर यहां ठहर सकता है. भोजन की व्यवस्था संताली खान-पान के अनुसार रहेगी. दर सामान्य बाजार दर से कम है. हेरिटेज विलेज में कई कमरे वातानुकूलित हैं.उपायुक्त के निर्देश पर हेरिटेज विलेज को तत्काल चालू किया गया है. स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी. क्षेत्र के पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए चालू किया गया है.

– सुनील चंद्र, एसडीओ, घाटशिला

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Akash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >