पटमदा: एसएस प्लस उच्च विद्यालय पटमदा साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग विषय पर जागरूकता शिविर आयोजित

पटमदा के एसएस प्लस उच्च विद्यालय में साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने की सलाह दी गई.

बोड़ाम:एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में शनिवार को विद्यार्थियों के मध्य साइबर सुरक्षा एवं सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग विषय पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. इस अवसर पर श्री सुनील कुमार शर्मा, सीनियर ब्रांच मैनेजर, ब्रांच ऑफिस मानबाजार, जिला पुरुलिया ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों एवं उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी.

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि एपीके फाइल किसी मोबाइल ऐप की इंस्टॉलेशन फ़ाइल होती है. इसे केवल विश्वसनीय स्रोत, जैसे गूगल प्ले स्टोर से ही डाउनलोड करना चाहिए. अज्ञात लिंक या अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई एपीके फ़ाइल डाउनलोड करने से मोबाइल में वायरस या अन्य हानिकारक सॉफ़्टवेयर आ सकते हैं. उन्होंने फिशिंग के बारे में बताया कि साइबर अपराधी नकली वेबसाइट, ईमेल, एसएमएस या व्हाट्सऐप संदेश भेजकर बैंक खाता, एटीएम, पासवर्ड, ओटीपी एवं अन्य गोपनीय जानकारी प्राप्त करने का प्रयास करते हैं. विद्यार्थियों को ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई. ऑनलाइन गेमिंग के संबंध में उन्होंने बताया कि अत्यधिक ऑनलाइन गेम खेलने से समय, पढ़ाई और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है. कई गेमों में आर्थिक धोखाधड़ी तथा साइबर अपराध का भी खतरा रहता है. इसलिए ऑनलाइन गेमिंग का सीमित एवं सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई.

उन्होंने रैनसमवेयर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एक प्रकार का खतरनाक वायरस है, जो कंप्यूटर या मोबाइल का डेटा लॉक कर देता है और उसे वापस देने के बदले धन की मांग करता है. इससे बचने के लिए हमेशा विश्वसनीय सॉफ़्टवेयर का उपयोग करें, संदिग्ध फ़ाइलें डाउनलोड न करें तथा आवश्यक डेटा का नियमित बैकअप रखें. श्री शर्मा ने विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को यह भी सलाह दी कि बैंक खाते का केयाईसी समय-समय पर अपडेट कराते रहें, ताकि बैंकिंग सेवाओं में किसी प्रकार की असुविधा न हो और खाते की सुरक्षा बनी रहे.

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि"आज के डिजिटल युग में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी होना भी अत्यंत आवश्यक है. विद्यार्थी जितने जागरूक और सतर्क होंगे, वे स्वयं, अपने परिवार तथा समाज को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने में उतनी ही महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे. डिजिटल सुविधाओं का उपयोग सदैव जिम्मेदारी, विवेक और सतर्कता के साथ करें तथा किसी भी परिस्थिति में ओटीपी पिन, पासवर्ड या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें." कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा संबंधी प्रश्न पूछे, जिनका श्री शर्मा ने सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया. सभी विद्यार्थियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति सदैव जागरूक रहने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Brindaban Mahato

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >