चाकुलिया: चाकुलिया के काकड़ीसोल में सामाजिक संगठन जोहार भारत फाउडेशन की सचिव पद्मश्री जमुना टुडू की अध्यक्षता में शनिवार को एक बैठक आयोजित हुई. बैठक में वन संरक्षण सह प्रबंध महासमिति के सदस्य शामिल हुए. प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी पेड़ पौधों के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने का निर्णय लिया गया. पद्मश्री जमुना टुडू ने कहा कि विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग तिथि पर रक्षाबंधन का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. उन्होंने पेड़ पौधों को बचाने के लिए एक बार फिर से जागरूकता अभियान जोर-शोर से चलाने की बात कही. समिति को प्रभावी और सशक्त बनाने के लिए एकजुट होने की सलाह दी. बैठक के दौरान उन्होंने वन विभाग से आग्रह करते हुए कहा कि वन विभाग में संचालित योजनाएं समिति की देखरेख में पूरी कराई जाए. इससे समिति के सदस्यों में वन संरक्षण के प्रति उत्साह बढ़ेगा. बठक में अंजू महतो, बसंती सबर, परमा महतो, धनी सोरेन, लीलावती दास, दिलीप महतो, चंद्र मोहन मांडी, पूर्णेंदु महतो, बसंतों नायक, रति कांत बाग, अनिल महतो, अंजलि हेम्ब्रम आदि उपस्थित थे.
पेड़ पौधों के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने को लेकर पद्मश्री जमुना टुडू ने की बैठक
पद्मश्री जमुना टुडू ने चाकुलिया में बैठक कर पेड़ पौधों के साथ रक्षाबंधन मनाने और वन संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है.

बैठक में उपस्थित समिति के सदस्य | Prabhat Khabar Network