संवाददाता, गालूडीह
पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थानांतर्गत हेंदलजुड़ी पंचायत के केंदडांगा टोला में मलेरिया से 14 वर्षीय किरण हांसदा की मौत हो गयी. जिले में मलेरिया से अबतक नौ लोगों की मौत हो चुकी है. किशोरी किरण हांसदा राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, काकड़ीशोल में कक्षा आठवीं की छात्रा थी.
झाड़ग्राम अस्पताल में तोड़ा दम
बच्ची के पिता काड़ो हांसदा ने बताया कि किरण की तबीयत बिगड़ने पर सोमवार को उसे घाटशिला स्थित स्वर्णरेखा नर्सिंग होम ले जाया गया था. वहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने रेफर कर दिया. इसके बाद उसे पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. वहां सोमवार रात करीब आठ बजे किरण ने दम तोड़ दिया. अस्पताल के दस्तावेज में उसकी मृत्यु का मुख्य कारण मलेरिया सेप्सिस दर्ज किया गया है.
मलेरिया से मौत के बाद दहशत में ग्रामीण
गांव में मलेरिया से मौत के बाद ग्रामीण दहशत में हैं. घटना से पिता काड़ो हांसदा, मां राखी हांसदा, भाई हेमन और बहन मंजू गहरे सदमे में हैं. सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रामचंद्र हांसदा, मुखिया मिर्जा हांसदा, पंचायत समिति सदस्य सामू टुडू, वार्ड सदस्य सुनाराम सोरेन और दुर्लभ सोरेन समेत कई ग्रामीण पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंचे. ग्रामीणों ने क्षेत्र में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया है. लोगों ने गांव में तत्काल विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने व मलेरिया रोधी जागरुकता अभियान चलाने की मांग की है.
स्वास्थ्य सहिया ने क्या कहा
किरण हांसदा धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में अपने रिश्तेदार के पास रह रही थी. रविवार को परिजन हेंदलजुड़ी केंदडांगा लेकर आये थे. सोमवार को तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था.- शुरुवाली मुर्मू, स्वास्थ्य सहिया, हेंदलजुड़ी.
