गालूडीह. सरकार द्वारा झारखंड में गुटखा और पान मसाला पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में निर्देश भी जारी कर दिया है. इसके बाद भी घाटशिला, गालूडीह से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम गुटखा और पान मसाला की बिक्री हो रही है. चौक-चौराहों पर गुटखा की लरी लटका कर दुकानदार प्रशासन को ठेंगा दिखाने का काम कर रहे हैं. पर जबसे निर्देश पारित हुआ तब से दुकानदार छिपाकर गुटखा बेचने लगे हैं. पूर्ण रूप से प्रतिबंध के बाद भी बाजार में गुटखा और पान मसाला धड़ल्ले से बिक रहा है. घाटशिला और गालूडीह की लगभग सभी पान दुकानों के अलावा किराना स्टोर, जनरल स्टोर, चाय दुकान में भी गुटखा और पान मसाला की बिक्री हो रही है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसे लेकर अभी तक छापामारी अभियान शुरू नहीं किया गया है.
कोट..
गुटखा शरीर के लिए बेहद खतरनाक है. इसके सेवन से मुंह का कैंसर समेत पेट की अन्य बीमारियां होती हैं. मुंह खुलना बंद हो जाता है. गुटखा खाने से कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़ता है. इससे हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है. हाई ब्लड प्रेशर की समस्या होती है. अधिक गुटखा खाने से हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है.– डॉ आरएन सोरेन, चिकित्सा प्रभारी, अनुमंडल अस्पताल, घाटशिला.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
