घाटशिला में कम्युनिटी पुलिसिंग की शुरुआत, रथ यात्रा से लेकर नशा व अपराध नियंत्रण पर पुलिस-जनसंवाद

घाटशिला में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद के लिए कम्युनिटी पुलिसिंग शुरू। रथ यात्रा सुरक्षा और नशा मुक्ति पर पुलिस ने की चर्चा।

प्रतिनिधि, घाटशिला

पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने तथा क्षेत्र को अपराध और नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सोमवार को घाटशिला थाना परिसर में एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी की अध्यक्षता में शांति समिति एवं बुद्धिजीवियों की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान की औपचारिक शुरुआत की गयी. अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि अवैध गतिविधियों, नशा कारोबार, ब्राउन शुगर, तेज साइलेंसर, रेस ड्राइविंग और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जायेगी. एसडीपीओ ने कहा कि घाटशिला शांत और सौहार्दपूर्ण शहर है. इसकी पहचान बनाए रखने के लिए पुलिस और जनता को मिलकर काम करना होगा. उन्होंने कहा कि पॉक्सो एक्ट, ट्रैफिक नियमों के पालन और अपराध नियंत्रण को लेकर भी जागरूकता अभियान चलाया जायेगा.

अवैध नशा व अड्डेबाजी पर होगी सख्त कार्रवाई: थाना प्रभारी राजेंद्र मुंडा ने बताया कि तेज आवाज वाले साइलेंसर के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अब तक पांच मोटरसाइकिल जब्त कर जुर्माना लगाया गया है. कहा कि अवैध नशा, ब्राउन शुगर और अड्डेबाजी के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई होगी. बैठक में उपस्थित लोगों ने राजस्टेट क्षेत्र में आंधी के बाद सड़क पर गिरे पेड़ हटाने, स्टंट बाजी के खिलाफ कार्रवाई करने, मऊभंडार में सड़क किनारे पेड़ों की डालियों की छंटाई समेत कई स्थानीय मुद्दे उठाए. अधिकारियों ने संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान का भरोसा दिया. रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा: बैठक में घाटशिला एवं मऊभंडार श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति के प्रतिनिधियों ने 16 जुलाई को निकलने वाली गुंडीचा रथयात्रा की तैयारियों की जानकारी दी. इस दौरान रथयात्रा मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण पर चर्चा हुई. समिति की ओर से रथ में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए महिला पुलिस बल की तैनाती की भी मांग की गयी. बैठक में मऊभंडार ओपी प्रभारी नीरज गुप्ता, एसआई पंकज कालिंदी, एसआई उमेश कुमार, विद्युत विभाग के जेई आकाश धल, तापस चटर्जी, आनंद अग्रवाल, सुनील जैन, नवल सिंह, एस जैन, शिव रतन अग्रवाल, माला दे, शेख अखरुद्दीन, कालीराम शर्मा, सुखलाल हांसदा, तारामणि मुंडा, मो जलील, कन्हैया शर्मा, एके बेहूरा, श्रीनिवास स्वामी समेत शांति समिति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sidharth Anand

Published by: Priya Gupta

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >