गालूडीह. प्रभात खबर में सात सितंबर के अंक में “आवास योजना की राशि लेकर बिचौलिये फरार, झोपड़ी में रह रहे सबर परिवार ” शीर्षक के साथ खबर प्रकाशित होने पर प्रशासन ने संज्ञान लिया है. गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम के डीडीसी निरीक्षण करने हलुदबनी सबर बस्ती पहुंचे. काफी दिनों से आवास अधूरा पड़ा था. अब फिर से काम शुरू हुआ है. घाटशिला प्रखंड की हलुदबनी सबर बस्ती में डीडीसी नागेंद्र पासवान पहुंचे. यहां पीएम आवास और मनरेगा योजनाओं का निरीक्षण किया. वे सबर लाभुकों से पूरी जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान घाटशिला की बीडीओ यूनिका शर्मा भी उपस्थित थी. निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने पाया कि सभी लाभुकों का आवास निर्माण हो रहा है. निर्माण स्थल पर ईंट, बालू और सीमेंट भी पाया गया. डीडीसी ने पंचायत सचिव मंगल टुडू और प्रखंड समन्वयक को सभी निर्माणाधीन आवासों में मिस्त्री की संख्या बढ़ाकर 10 दिनों के अंदर लिंटर तक निर्माण कार्य करने का निर्देश दिया. वहीं निरीक्षण के दौरान आम बागवानी का भी निरीक्षण किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
