चाकुलिया. चाकुलिया की भातकुंडा पंचायत के मेम क्लब चानकु महतो चौक के समीप किसान लखन महतो ने अपनी जमीन में धान की खेती की थी. सभी किसानों के साथ जुलाई में धान की फसल लगायी थी. खेतों में खाद डाला, दवा का छिड़काव किया. सितंबर व अक्तूबर में लगभग सभी के धान में बालियां नजर आने लगी. पर लखन की फसल में बालियां नहीं आयी. अब धान कटने का समय आ गया है. फसल की कटाई भी शुरू हो गयी है. इससे लखन काफी चिंतित है. उसे नुकसान की चिंता सताने लगी है. प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिवानंद घटवारी ने कहा कि संभवतः तनाछेदक कीड़ों के आक्रमण के कारण धान की फसलों में बालियां नहीं आयी है. परंतु ऐसा काफी कम देखने को मिलता है. उन्होंने कहा कि मिट्टी की गुणवत्ता में कमी आने पर भी ऐसा होता है. कृषि वैज्ञानिक ही इस बारे में सही जानकारी दे सकेंगे. किसानों ने बताया कि हमलोगों को कृषि के बारे में सही जानकारी नहीं मिलती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
