चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत कालियाम पंचायत के कालियाम गांव में सोमवार की सुबह जंगली हाथी के हमले से 60 वर्षीय अनिल महतो गंभीर रूप से घायल हो गये. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी. अनिल अपने 10 वर्षीय पोते नीतीश महतो के साथ घर के बाहर ब्रश कर रहे थे. तभी एक जंगली हाथी ने उन पर हमला कर दिया. जंगली दंतैल हाथी को अपनी ओर आता देख एक तरफ अनिल महतो और दूसरी तरफ उनका पोता भागने लगा. पोते को पास में ही ब्रश कर रहे रमानाथ महतो किसी तरह उसे बचा ले भागे. परंतु हाथी ने अनिल पर जोरदार हमला कर दिया. अनिल को पटककर हाथी ने उनकी जांघ और सीने में दांत घुसा दिया. ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 25 की संख्या में हाथियों का झुंड रात भर कालियाम एवं आस पास के क्षेत्र में उत्पात मचाता रहा.
सुबह झुंड के सभी हाथी वापस लौट गये. झुंड में शामिल लीडर हाथी काफी पीछे छूट गया था. उसी ने अनिल पर हमला किया. घायल अनिल को लेकर मुखिया दासो हेंब्रम चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. जहां डॉ. आरएन शर्मा की देखरेख में प्राथमिक इलाज के उपरांत उन्हें बेहतर इलाज के लिए झाड़ग्राम रेफर कर दिया गया. झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. इधर, सूचना पाकर विधायक समीर मोहंती तथा वन विभाग की टीम चाकुलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची. जहां वन विभाग द्वारा बेहतर इलाज के लिए 5 हजार रूपये परिजनों को सौंपा गया. विधायक समीर मोहंती ने आश्वस्त किया कि वन विभाग के अधिकारियों से बात कर उचित मुआवजा दिलाने की पहल की जायेगी.
