East Singhbhum News : नौ साल से नहीं हुई जेटीइटी परीक्षा, सरकार का घेराव किया

शिक्षा की उपेक्षा पर एआइडीएसओ का जोरदार प्रदर्शन

घाटशिला. ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन झारखंड राज्य कमेटी के बैनर तले शुक्रवार को सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शन किया. जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से राजभवन तक निकाले गये जुलूस में झारखंड के विभिन्न जिलों से छात्र शामिल हुए. घाटशिला से भी लगभग 120 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. प्रदर्शन में एआइडीएसओ केंद्रीय परिषद के कोषाध्यक्ष शमशुल आलम, प्रदेश अध्यक्ष समर महतो और प्रदेश सचिव सोहन महतो ने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा को पूरी तरह नज़रअंदाज़ कर रही है. उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों से जेटीइटी परीक्षा नहीं करायी गयी. 8,900 से अधिक टीजीटी/पीजीटी पदों को सरेंडर कर दिया गया और छात्रवृत्तियां समय पर उपलब्ध नहीं हो रही हैं. नेताओं ने कहा कि सरकारी स्कूलों के लगातार बंद होने से ग्रामीण बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है. फीस वृद्धि और निजी संस्थानों की मनमानी पर रोक लगाने, छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उच्च शिक्षा संस्थानों में सत्र नियमित करने की मांग भी प्रमुख रही. एआइडीएसओ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. सभा का संचालन राज्य उपाध्यक्ष जीवन कुमार यादव ने किया. इस दौरान विभिन्न जिलों से आए छात्र प्रतिनिधियों ने भी अपनी बात रखी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >