संवाददाता, गालूडीह
प्रभात खबर में ‘17 करोड़ की लागत से बन रही सड़क में भ्रष्टाचार’ शीर्षक से खबर छपने के बाद विधायक सोमेश चंद्र सोरेन ने गालूडीह-सुवर्णरेखा मुख्य दायीं नहर के पास चल रहे सड़क निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया था. ग्रामीणों की शिकायत पर उन्होंने सड़क खुदवाकर गुणवत्ता की जांच की और काम बंद करा दिया था.इसे लेकर गुरुवार को गालूडीह सिंचाई प्रमंडल में विभागीय बैठक बुलायी गयी थी, जिसमें कार्यपालक अभियंता रोहित राम सहित अन्य अभियंता और विधायक सोमेश चंद्र सोरेन उपस्थित हुए. हालांकि, तमाम निर्देशों के बावजूद पंकज कंस्ट्रक्शन के ठेकेदार नीरज चौबे बैठक से नदारद रहे.
बार-बार फोन करने पर भी उनके नहीं पहुंचने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जतायी. उन्होंने आरोप लगाया कि सुवर्णरेखा परियोजना के अभियंता ठेकेदारों की मुट्ठी में हैं. करोड़ों के काम में कोई पारदर्शिता नहीं है. विधायक ने चेतावनी दी कि इसकी शिकायत जल संसाधन मंत्रालय और विधानसभा के सदन में की जायेगी.
यह 17 करोड़ का सड़क निर्माण कार्य पंकज कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है, जिसके संवेदक नीरज चौबे हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि निम्न स्तर की सामग्रियों के इस्तेमाल के कारण पहली ही बारिश में सड़क कई जगहों पर धंस गयी है. बैठक में विधायक के साथ झामुमो नेता बाघराय मार्डी, प्रधान सोरेन, दुर्गाचरण मुर्मू, जगदीश भकत, सुनील किस्कू, प्रफुल्ल सोरेन सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे.
