East Singhbhum News : दो गांवों के विरोध के कारण छह साल से अटका धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का काम

दो गांवों के विरोध के कारण छह साल से अटका धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का काम

धालभूमगढ़. धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर दो गांव के ग्रामीणों को बीते 6 वर्षों में सरकारी पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि विश्वास में नहीं ले पाये हैं. ऐसे में बार-बार ग्रामसभा के बाद भी ग्रामीण एयरपोर्ट निर्माण के प्रस्ताव को खारिज कर रहे हैं. बुधवार को रुआसोल में हुई ग्रामसभा में प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया. कुछ दिनों पहले देवशोल ग्रामसभा ने एयरपोर्ट निर्माण के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था. इससे अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को बैरंग लौटना पड़ा था.

एयरपोर्ट के लिए 100 करोड़ दे चुकी है केंद्र सरकार

विदित हो कि एयरपोर्ट का निर्माण केंद्र व राज्य सरकार के संयुक्त का तत्वावधान में होना है. इसके लिए केंद्र सरकार लगभग 100 करोड़ रुपये दे चुकी है. राज्य सरकार को भूमि उपलब्ध कराने के साथ ग्राम सभाओं की सहमति लेनी है. इसके लिए बार-बार उच्च अधिकारी पत्र भेजते हैं. इसके आलोक में प्रखंड के अधिकारी व कर्मचारी लाव लश्कर के साथ ग्राम सभा में हाजिर होते हैं. ग्रामीणों को अबतक एयरपोर्ट का लाभ-हानि नहीं समझा पाये हैं.

गांव में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा की स्थिति बदतर : ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा की स्थिति बदतर है. उस पर बात करने कोई नहीं आता है. कई जरूरतमंदों को आवास नहीं मिला है, कई पेंशन से वंचित हैं. अधिकारी इस पर बात नहीं करते हैं. गांव का विकास नहीं होगा, तो एयरपोर्ट लेकर क्या करेंगे. जहां तक जनप्रतिनिधियों की बात है, उन्होंने कभी ग्रामीणों से एयरपोर्ट के लाभ व हानि के बारे में बैठकर बात नहीं की है. वोट बैंक के चक्कर में वे आमतौर पर ग्रामसभा में मौन रहते हैं.

एयरपोर्ट बना तो पेड़ कटेंगे, हम बेरोजगार हो जायेंगे : ग्रामीण

बुधवार को रुआसोल में ग्रामसभा हुई. इसमें बीडीओ समेत तमाम कर्मचारी व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे. ग्रामीणों ने एयरपोर्ट निर्माण के प्रस्ताव को खारिज कर दिया. ग्राम प्रधान व ग्रामीणों का कहना था कि एयरपोर्ट के लिए भारी मात्रा में पेड़ काटे जायेंगे. इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचेगा. ग्रामीणों का वन उत्पाद से होने वाले रोजगार खत्म हो जायेगा. वे एयरपोर्ट निर्माण पर अपनी सहमति नहीं देंगे.

बैठक में ग्राम प्रधान लखन हांसदा, बीडीओ बबली कुमारी, मुखिया चितरंजन सिंह, प्रभारी कृषि पदाधिकारी पीयूष मंडल, अंचल निरीक्षक आलोक गुप्ता, अंचल अमीन शंभू महापात्र, पोलटू राय, पंचायत सचिव नवकुमार राय उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >