बड़ाजुड़ी में जन जागरण कमेटी का टुसू मेला
मकर और सरस्वती पूजा सभ्यता-संस्कृति का प्रतीक : विधायक
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड की बड़ाजुड़ी पंचायत में सोमवार की शाम जन जागरण कमेटी के तत्वावधान में टुसू मेला का आयोजन हुआ. इसकी अध्यक्षता उमा पदो गोराई ने की. मुख्य अतिथि विधायक लक्ष्मण टुडू और विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू उपस्थित थे. विधायक ने फीता काट कर मेला का उद्घाटन किया. उन्होंने कहा कि मकर पर्व के साथ आज बसंती पूजा का दिन है. झारखंड में मकर पर्व और सरस्वती पूजा सभ्यता-संस्कृति का प्रतीक है. मकर पर्व पर लोग नये परिधान पहन कर मेला घूमने आते हैं. टुसू गीत गाते हैं. वहीं बसंती पूजा में छोटे-छोटे बच्चे भी नये वस्त्र धारण करते हैं.
बच्चियां साड़ी पहनती हैं. इससे भारत और झारखंड की संस्कृति झलकती है. जन जागरण कमेटी ने मेला में लायी गयी 23 टुसू प्रतिमाओं को पुरस्कृत किया. मेला में घाटशिला के अमाइनगर की टुसू प्रतिमा को प्रथम पुरस्कार के रूप में 6 हजार की नगद राशि दी गयी. द्वितीय पुरस्कार खड़ियाडीह वीणापानी क्लब को 5 हजार की नगद राशि और तृतीय पुरस्कार जोड़िसा की प्रतिमा को 4 हजार की राशि दी गयी. वहीं 20 प्रतिमाओं को सांत्वना पुरस्कार मिला. मेला के आयोजन में मुखिया किरटी सिंह, पंचायत समिति सदस्य नवीन साव, रूद्र प्रताप सिंह, हरबल्लभ भकत, ललित कृष्ण भकत, सुखदेव भकत, अंबुज भकत उपस्थित थे. समारोह का संचालन उमा पदो गोराई ने किया.
