श्यामसुंदरपुर. पीताजुड़ी बस स्टैंड में हुई घटना
बस का खलासी और जमशेदपुर के युवक झुलसे
जमशेदपुर के युवक को एमजीएम रेफर किया गया
करंट के झटके से सुनील किस्कू जमीन पर गिरा
धालभूमगढ़ : श्यामसुंदरपुर थानांतर्गत पीताजुड़ी बस स्टैंड में मंगलवार को बस की छत पर खड़ा युवक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया. इससे पूरी बस में करंट दौड़ गयी. घटना में उक्त युवक समेत बस का खलासी गंभीर रूप से झुलस गया. जबकि बस में बैठे कई पैसेंजर को विद्युत का झटका लगा. झुलसे युवक की पहचान जमशेदपुर के गोलपहाड़ी निवासी सुनील किस्कू के रूप में हुई.
वहीं गुड़ाबांदा के डोंगादहो निवासी बस खलासी श्याम सोरेन भी झुलस गया.
बस स्टैंड में मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद सुनील किस्कू की हालत गंभीर देख एमजीएम अस्पताल (जमशेदपुर) रेफर कर दिया गया. श्याम सोरेन को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया.
अस्ती से बहरागोड़ा जा रही थी बस
श्याम सोरेन ने बताया कि वह बालिया बस का खलासी है. बस अस्ती से बहरागोड़ा के लिए जा रही थी. बस पीताजुड़ी बस स्टैंड पहुंची, तो बस के ऊपर चढ़े सुनील किस्कू उतरने के लिए खड़ा हुआ. वह विद्युत तार के संपर्क में आ गया. पूरी बस में करंट प्रभावित हो गयी. वह गेट पकड़ कर खड़ा था. करंट के झटके से वह बस से जमीन पर गिर गया. उसके हाथ, पांव और सिर झुलस गया. लोगों ने दोनों को धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भरती कराया.
जो पढ़ने में सक्षम नहीं, उन बच्चों को गोद लेकर पढ़ायें : मीना
