दुकानदारों को मिली थी 24 घंटे की मोहलत
गालूडीह : गालूडीह रेलवे स्टेशन के आस पास के दुकानदारों ने 24 घंटे की मोहलत के दरम्यान खुद से अतिक्रमण हटा लिया. मंगलवार को स्टेशन चौक के दुकानदारों ने सुबह से दोपहर तक अतिक्रमण हटाया. इससे करीब एक दर्जन परिवारों की रोजी-रोटी छीन गयी. दुकानदारों ने कहा कि कोई वैकल्पिक व्यवस्था होती तो गुजारा हो जाता. दुकान हट जाने से परिवार चलाना मुश्किल हो जायेगा. गौरतलब हो कि 18 दिसंबर को झाड़ग्राम से एइएन आरपीएफ जवानों के साथ जेसीबी मशीन लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे.
दुकानदारों ने रेल प्रशासन से 24 घंटे की मोहलत की मांग की थी. तब रेल प्रशासन ने नोटिस जारी कर 19 दिसंबर तक अतिक्रमण हटाने का कहा था. इसके बाद जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया जायेगा. जानकारी हो कि स्टेशन चौक पर होटल, पान, स्टेशनरी, सैलून, चाय आदि की करीब एक दर्जन से दुकानें चल रही थी. सभी दुकान रेलवे भूमि पर थी. अतिक्रमण हटने से स्टेशन चौक वीरान हो गया. रेल प्रशासन ने बताया कि खड़गपुर से टाटानगर तक तीसरी लाइन बिछाने की योजना है. इसपर काम शुरू हो गया है.
