घाटशिला कॉलेज छात्र संघ चुनाव. सभी दलों के प्रत्याशी कूदे चुनाव मैदान में, 18 को परीक्षा
घाटशिला : 18 दिसंबर-17 को घाटशिला महाविद्यालय में होने वाले छात्र संघ चुनाव को लेकर शुक्रवार नाम वापसी की प्रक्रिया हुई. इसके तहत कुल 15 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस लिया. इसके साथ ही अब चुनावी मैदान में कुल 24 उम्मीदवार रह गये हैं. कॉलेज के 7, 865 मतदाता 18 दिसंबर को होने वाले चुनाव में इन 24 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. इधर, चुनाव को लेकर विभिन्न छात्र संघों का प्रचार अभियान जारी है, जो शनिवार शाम तक चलेगा.
प्रभारियों ने की है डायरी मेंटेन
चुनाव को लेकर छात्र संघ के प्रभारियों ने मतदाताओं के नाम, किस वर्ष के छात्र या छात्रा हैं और क्रमांक संख्या क्या है, को नोट कर रखे हैं. ताकि उक्त डायरी में अंकित ही मतदाता प्रत्याशी के पक्ष में मदतान करेंगे या उक्त मतदाता ने मतदान किया है या नहीं. इसकी जानकारी रखेंगे. चुनाव मैदान में अध्यक्ष पद के चार, उपाध्यक्ष पद के चार, सचिव पद के चार, संयुक्त सचिव पद के चार, उप सचिव पद के चार और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के चार प्रत्याशी चुनाव में मैदान में हैं. 15 प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद शुक्रवार की दोपहर निर्वाची पदाधिकारी प्रो मुकुटधारी प्रसाद सिंह ने अंतिम 24 प्रत्याशियों की सूची जारी की.
10 बूथों पर मतदान, 24 नंबर कक्ष में मतगणना
मतदान के दिन 10 बूथ बनाये जायेंगे. इन बूथों पर चार-चार कर्मियों को मतदान के दिन ड्यूटी दी जायेगी. दसों बूथों पर मतदान कराने के लिए मतपेटी निकाली गयी है. जबकि मतगणना 24 नंबर कक्ष में होगी. 24 नंबर कक्षा को मतगणना के लिए पूर्व से आरक्षित कर दिया गया है. मतगणना के लिए सात टेबुल लगाये जायेंगे. हर टेबुल पर सात-सात कर्मचारियों को डयूटी दी जायेगी.
अध्यक्ष पद के दावेदार
नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद पर मंगल हेंब्रम, निरूपम भगत, रघु टुडू, शिरू मुर्मू मैदान में हैं.
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी
अंजली मार्डी, कविता कैवर्त, माझिया हेंब्रम और संगीता हांसदा.
सचिव पद के प्रत्याशी
चंदना रानी टुडू, फुदान मुर्मू, काशी विश्वनाथ महतो और लक्ष्मण कालिंदी.
संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी
अनू प्रकाश साव, मंजू सिंह, मुकुंदर मुर्मू और संदीप हांसदा.
उप सचिव पद के प्रत्याशी
महावीर महतो, मीरा महतो, मौसमी भकत और शांखी हेंब्रम
विवि प्रतिनिधि पद के प्रत्याशी
बासेत हांसदा, दिनेश वाल्मीकि, प्रताप मुंडा और प्रिया माहली.
जेसीएम ने चुनाव प्रचार में झोंकी ताकत
बहरागोड़ा. छात्र संघ चुनाव के लिए शुक्रवार को जेसीएम छात्र नेताओं ने कॉलेज के बाहर चुनाव प्रचार अभियान चलाया. अभियान में विभिन्न पदों के प्रत्याशी भी शामिल थे. छात्र नेता और प्रत्याशियों ने विद्यार्थियों से अपने पक्ष में वोट देने की अपील की. पूर्व सचिव अमित कर ने कहा कि कॉलेज के विकास के लिए जेसीएम को वोट दें. किसी के बहकावे में न आयें. विकास करने वाले छात्र संगठन पर भरोसा करें, कॉलेज का विकास होगा. मौके पर प्रत्याशी मधुमिता बट्टव्याल, रूपक महतो, अभिमेश साव, राज कुमार साव, पूजा मंडल आदि उपस्थित थे.
