डुमरिया : डुमरिया की बांकीशोल पंचायत के मुढ़ाकांजिया गांव के कृष्णा गोप बैंक ऑफ इंडिया से राशि के उठाव के लिए 15 दिसंबर तक चक्कर काटे, लेकिन उसे पैसे नहीं मिले. अंत में उसने शुक्रवार को इसकी शिकायत बीडीओ मृत्युंजय कुमार से की. उसने बीडीओ को बताया कि वह बैंक में पैसे लेने के लिए जाता है. घंटों काउंटर के पास लाइन में खड़ा रहता है.
ऐन उसकी बारी आने पर कैशियर कहता है कि राशि खत्म हो गयी है. कृष्णा गोप ने कहा कि अब तक उसे पैसे नहीं मिले हैं. बीडीओ उसे अपने साथ बैंक ले गये जिसके बाद ही उसे रुपये मिले. बीडीओ ने डीडीसी से इसकी शिकायत की. इस संबंध में शाखा प्रबंधक नगड़ा समद ने बताया कि बैंक में दो दिनों से रुपये नहीं होेने से उन्हें नहीं मिले थे.
इस कारण ग्राहकों को रुपये नहीं मिले. आज कृष्णा गोप को रुपये दिये गये. उन्होंने कहा कि वे लगातार फील्ड में लोन रिकवरी के लिए जाते थे. इसलिए इसकी जानकारी उन्हें नहीं थी. इधर कृष्णा गोप ने बताया कि उसके आगे लाइन में खड़े ग्राहकों को मोटी-मोटी रकम दी जाती थी. जब इसकी बारी आती थी तब पैसे नहीं होने की बात कही जाती थी. बीडीओ ने कहा कि वे बैंक की शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे.
